रतलाम में कर्फ्यू में ढील, विधायक के खिलाफ जनाक्रोश (लीड-1)
रतलाम 6 सितम्बर,(आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के रतलाम जिले में भड़की साम्प्रदायिक हिंसा के बाद हालात सुधरने लगे हैं। सोमवार को कर्फ्यू में चार घंटे की ढील दी गई। हालात का जायजा लेने पहुंचे गृह मंत्री उमाशंकर गुप्ता ने पीड़ितों से चर्चा की ,वहीं विधायक पारस सखलेचा के खिलाफ महिलाओं ने जमकर नारेबाजी की।
गैारतलब है कि शुक्रवार की रात एक धार्मिक स्थल पर गोबर फेंकने की घटना ने साम्प्रदायिक हिंसा का रूप ले लिया था। हालात बिगड़ने पर दो थाना क्षेत्रों के माणक चौक व स्टेशन रोड दो बत्ती इलाकों में कर्फ्यू लगा दिया गया था जो सोमवार को भी जारी रहा। आज कर्फ्यू में चार घंटे की ढील दी गई।
रतलाम के पुलिस अधीक्षक मयंक जैन ने आईएएनएस को बताया कि कर्फ्यू में सुबह आठ से 10 बजे और शाम को चार से छह बजे के बीच कुल मिलाकर चार घंटे की ढील दी गई। इस अवधि में हालात पूरी तरह नियंत्रण में रहे। कर्फ्यूग्रस्त इलाकों से लेकर पूरे शहर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम हैं और पुलिस बल की गश्त जारी है।
रतलाम पहुंचे गृहमंत्री उमाशंकर गुप्ता ने कर्फ्यूग्रस्त इलाके का जायजा लेने के साथ पीड़ितों से चर्चा की। इस दौरान गुप्ता के साथ मौजूद विधायक पारस सखलेचा के खिलाफ महिलाओं का गुस्सा भड़क उठा और उन्होंने जमकर नारेबाजी की। पीड़ितों का आरेाप है कि सखलेचा ने एक वर्ग विशेष का साथ दिया है। इस मौके पर गुप्ता ने भरोसा दिलाया कि किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications