गिनती के रह गए हैं माकपा के दिन : राहुल (लीड-1)
पश्चिम बंगाल में पहली बार किसी रैली को संबोधित करते हुए राहुल ने यह बात कही। हाल के रूस दौरे को याद करते हुए उन्होंने शहीद मीनार मैदान में मौजूद हजारों लोगों की तालियों की गड़गड़ाहट के बीच कहा, "रूस में कम्युनिस्ट शासन एक दिन अचानक खत्म हो गया था। यहां भी (पश्चिम बंगाल) वही होगा।"
एक दिन के कोलकाता दौरे पर आए राहुल ने राज्य की वाम मोर्चा सरकार की जमकर निंदा की।
उन्होंने कहा, "माकपा का राज्य के गरीब, जनजातीय और हाशिए पर गए लोगों से कोई सरोकार नहीं रह गया है।"
उन्होंने कहा, "माकपा पुराने ढर्रे पर कार्य कर रही है और प्रशासन का लाभ माफिया जैसे लोगों को पहुंचा रही है।"
राज्य में युवक कांग्रेस के सदस्यता अभियान की शुरुआत करने के लिए राहुल सुबह ही यहां पहुंचे।
सफेद कुर्ता-पायजामा पहने राहुल दोपहर बाद नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा पहुंचे जहां पार्टी कार्यकर्ता पहले से ही 'राहुल गांधी जिंदाबाद' के नारे लगा रहे थे।
विशेष सुरक्षा समूह (एसपीजी) के सदस्यों तथा राज्य पुलिस के कमांडो से घिरे हुए राहुल बड़ी संख्या में रक्षक दलों के साथ राजभवन गए।
पार्टी के पश्चिम बंगाल मामलों के प्रभारी एवं कांग्रेस महासचिव के. केशव राव, राज्य कांग्रेस के प्रमुख मानस भुइयां एवं कांग्रेस सांसद मौसम बेनजीर नूर भी राहुल के साथ थे।
राहुल ने पश्चिम बंगाल सरकार पर आरोप लगाया कि वह केंद्र सरकार द्वारा विकास कार्यक्रमों के लिए भेजी गई राशि का दुरुपयोग कर रही है। लेकिन उन्होंने सहयोगी दल तृणमूल कांग्रेस पर कोई टिप्पणी नहीं की।
उल्लेखनीय है कि राज्य में माकपा जून, 1977 से ही सत्तारूढ़ है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications