आरकॉम के टॉवर व्यवसाय का जीटीएल इन्फ्रा के साथ विलय नहीं
कंपनी ने एक नियामक सूचना में कहा है, "आरकॉम, कंपनी के कर्ज को कम करने के लिए तथा कंपनी की 95 प्रतिशत स्वामित्व वाली सहयोगी इकाई रिलायंस इन्फ्राटेल में निष्क्रिय अधोसंरचना तथा संबंधित संपत्तियों से आरकॉम के शेयरधारकों के लिए मूल्य खोलने हेतु इसी तरह के आदान-प्रदान के लिए अन्य रणनीतिक और वित्तीय निवेशकों के साथ चर्चा कर रही है।"
आरकॉम ने जीटीएल इन्फ्रा के साथ सौदा रद्द होने के पीछे का कारण नहीं बताया है। कंपनी की ओर से कहा गया है कि ऐसा इसलिए है, क्योंकि दोनों के बीच किसी बात का खुलासा न करने के लिए एक समझौते पर हस्ताक्षर हुआ है।
बंबई स्टॉक एक्सचेंज को भेजे एक अलग पत्र में जीटीएल इन्फ्रा ने भी कहा है कि आरकॉम के साथ समझौता नहीं होगा।
जीटीएल ने कहा है, "जून में हुए एक गैर बाध्यकारी समझौते की मियाद 31 अगस्त को पूरी हो गई और किसी भी पक्ष ने समयसीमा बढ़ाने की बात नहीं की। परिणामस्वरूप प्रस्तावित विलय की प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ पाएगी।"
ज्ञात हो कि आरकॉम ने जून महीने में अपने टॉवर कारोबार का 50,000 करोड़ रुपये के सौदे के तहत जीटीएल इन्फ्रा के साथ विलय का प्रस्ताव किया था। इसके तहत दुनिया की सबसे बड़ी स्वतंत्र दूरसंचार अधोसंरचना कंपनी की स्थापना की योजना थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications