यूपी के मुजफ्फरनगर में 2 युवकों की लाशें बरामद
मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर शहर के रामलीला टीला क्षेत्र में दो युवकों का शव मिला है। प्रारंभित जांच के मुताबिक दोनों युवकों की मौत किसी जहरीले पदार्थ को खाने से हुई है। पुलिस का अनुमान है कि दोनों युवकों को शराब में जहर मिलाकर दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
युवकों के शव क्षेत्र में स्थित गंदे नाले पर पड़े मिले। नागरिकों ने इसकी सूचना शहर कोतवाली को दी। वहां से कोतवाली प्रभारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने दोनों मृतकों की तलाशी ली। मृतकों की पहचान नूर हसन व जयपाल के रूप में हुई। मृतकों के रिश्तेदारों ने बताया कि दोनों युवक बड़े गहरे दोस्त थे। युवकों ने बुधवार की शाम घर में बताया था कि उन्हें किसी के पैसे देने हैं। पुलिस ने दोनों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस मृतकों के उस मित्र की तलाश कर रही है जिससे वो मोटरसाइकिल मांग कर लाए थे। पुलिस के मुताबिक दोनों के शराब पीने की पुष्टि हुई है। इसलिए अनुमान है कि मृतक कहीं दोस्तों की पार्टी में साथ रहे होंगे, वहीं शराब के साथ जहरीली वस्तु का सेवन किया गया। जहरीली नकली शराब के सेवन करने के अंदेशों पर भी पुलिस जांच कर रही है।












Click it and Unblock the Notifications