उत्तराखण्ड में मूसलाधार बारिश से जनजीवन प्रभावित
देहरादून, 3 सितम्बर (आईएएनएस)। उत्तराखण्ड के विभिन्न जिलों में गुरुवार रात से लगातार हो रही बारिश का जनजीवन पर खासा असर पड़ा है। पर्वतीय इलाकों अलावा मैदानी इलाकों में भी जमकर बारिश हुई। जगह-जगह जलभराव होने से राजधानी देहरादून सहित आसपास के बाशिंदों को संकट का सामना करना पड़ा।
वहीं मौसम विभाग ने 24 घंटों के दौरान बारिश के जारी रहने का संकेत दिया है।
शुक्रवार दिन में हुई बारिश की वजह से शाम चार बजे के बाद प्रसिद्ध बद्रीनाथ राजमार्ग पर यातायात बंद कर दिया गया। चमोली के जिलाधिकारी नीरज सेमवाल ने बताया कि दिन में हुई बारिश की वजह से बद्रीनाथ यात्रा मार्ग पर यातायात शाम चार बजे से रोक दिया गया है। उन्होंने उम्मीद जताई है कि शनिवार सुबह तक यातायात सामान्य हो जाएगा।
उल्लेखनीय है कि बद्रीनाथ यात्रा मार्ग पर लामबगड के पास सड़क के हिस्से को काफी संवेदनशील माना जाता है। एक तरफ पहाड़ और दूसरी तरफ नदी होने के कारण प्रशासन को यहां सड़क की व्यवस्था बनाए रखने में काफी मशक्कत करनी पड़ती है।
दूसरी ओर, हरिद्वार में भी बारिश के कारण यातायात पर असर पड़ने की खबर है। बारिश के कारण पंतजलि योग पीठ के पास करीब दस मीटर सड़क कट जाने से शुक्रवार दिन में घंटों यातायात बाधित रहा। बाद में प्रशासन ने प्रयास कर हालांकि यातायात बहाल करा दिया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications