राहुल का दौरा समाप्त, अचानक राज्यपाल से मिलने पहुंचे (राउंडअप)
ऐसा माना जा रहा है कि अमेठी दौरे के दौरान लचर कानून-व्यवस्था की शिकायतें मिलने के बाद राहुल गांधी इसी मुद्दे पर राज्यपाल से मुलाकात करने गए थे।
सूत्रों के मुताबिक राहुल ने राज्यपाल से मिलकर राज्य की जर्जर कानून व्यवस्था पर गहरी चिंता जताई। वहीं कांग्रेस पार्टी राहुल की इस मुलाकात को महज शिष्टाचार भेंट बता रही है।
उत्तर प्रदेश कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता अखिलेश प्रताप सिंह ने आईएएनएस को बताया कि कांग्रेस महासचिव कोई शिकायत करने नहीं बल्कि राज्यपाल से केवल शिष्टाचार भेंट करने गए थे। करीब 10 मिनट तक वह राजभवन में रहे।
मालूम हो कि गुरुवार को सरफराज बानो नाम की एक महिला ने राहुल से मिलकर स्थानीय पुलिस पर आरोप लगाया था कि मुसाफिरखाना थाने की पुलिस निजी स्वार्थ के लिए उसकी बहन के हत्या के मुख्य आरोपी को बचा रही है। इस पर राहुल ने देर रात मुसाफिरखाना थाने पहुंचकर वहां के पुलिस अधिकारियों को निर्धारित समय के अंदर जांच पूरी करने के निर्देश दिए थे।
इससे पहले दौरे के पहले दिन बुधवार को शिवानी और सोनिया नाम की लखनऊ निवासी दो बहनों ने राहुल से मिलकर जान बचाने की गुहार लगाई थी। दोनों बहनों का आरोप था कि संपत्ति के लिए उनके रिश्तेदार उनकी हत्या करवाना चाहते हैं और इस काम में पुलिस भी रिश्तेदारों की मदद कर रही है।
राहुल का राज्यपाल से मिलने का पहले से कोई तय कार्यक्रम नहीं था। वह अमेठी दौरा समाप्त करके दिल्ली रवाना होने के लिए लखनऊ हवाई अड्डे जा रहे थे, लेकिन एकाएक वह राजभवन पहुंच गए।
राजभवन से निकलने के बाद राहुल ने दिल्ली रवाना होने से पहले लखनऊ हवाई अड्डे पर एकांत में प्रदेश के वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं से कुछ देर गुफ्तगू की।
राहुल गांधी ने संसदीय क्षेत्र अमेठी के दौरे के अंतिम दिन शुक्रवार को स्थानीय लोगों से मिलकर उनकी समस्याएं सुनीं। प्रवक्ता ने बताया, 'कांग्रेस महासचिव ने मुंशीगंज अतिथि गृह में शुक्रवार को संसदीय क्षेत्र के विभिन्न इलाकों से आए करीब 1,500 ग्रामीणों का दुख-दर्द सुना।'
सिंह के मुताबिक लोगों ने बिजली, सड़क, पानी, शिक्षा एवं स्वास्थ्य सेवाओं से संबंधित अपनी समस्याओं से कांग्रेस महासचिव को अवगत कराया। राहुल ने एक-एक करके सबकी समस्याओं को ध्यान से सुना और उनका हरसंभव समाधान करने का वादा किया।
सिंह ने कहा कि समस्याएं सुनने के बाद राहुल ने ग्रामीणों से उनके गांव में चल रही केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन के बारे में जानकारी ली। ज्यादातर लोगों की तरफ से योजनाओं में गड़बड़ी की शिकायतें की गईं। इससे पहले राहुल ने सुबह स्थानीय कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ एक बैठक की।
प्रवक्ता ने कहा कि बाद में कांग्रेस महासचिव ने मुंशीगंज स्थित संजय गांधी अस्पताल का दौरा करके वहां की चिकित्सा सुविधाओं का निरीक्षण किया और अस्पताल के मरीजों से मिलकर उनका हाल-चाल जाना।
राहुल ने अपने इस दौरे में कई जनकल्याणकारी योजनाओं की शुरुआत की। गौरीगंज कस्बे में जहां राहुल ने भारतीय संचार निगम लिमिटेड (बीएसएनएल) की 3जी मोबाइल सेवाओं का लोकार्पण किया। वहीं सरवन ग्राम पंचायत में उन्होंने इंटरनेट की ब्रॉड बैंड सेवा की शुरूआत की। इस दौरान उनके साथ प्रधानमंत्री के प्रौद्योगिकी सलाहकार सैम पित्रोदा भी मौजूद थे।
फुर्सतगंज कस्बे के सड़क किनारे स्थित चाय की एक दुकान में राहुल ने रूककर पित्रोदा के साथ गर्म जलेबी और गर्म समोसे का आनंद लिया। राहुल ने योजनाओं का शुभारंभ करने के साथ कई कार्यक्रमों में भी हिस्सा लिया। कटनाव गांव में उन्होंने एक कार्यक्रम में उन्होंने तालाब में मछलियां छोड़कर चारों तरफ हरे पेड़ लगाये। जाफरगंज कस्बे में आयोजित रोजा इफ्तार पार्टी में भी उन्होंने हिस्सा लिया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications