राष्ट्रमंडल खेल : गेम्स लेन के उल्लंघन पर 2000 रुपये जुर्माना
नई दिल्ली, 3 सितम्बर (आईएएनएस)। दिल्ली यातायात पुलिस ने शुक्रवार को कहा कि 20 सितम्बर से शहर की सड़कों पर स्पष्ट रूप से चिह्न्ति राष्ट्रमंडल खेल के लिए बने गेम्स लेन का उल्लंघन करने पर 2,000 रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा। इससे संबंधित अधिसूचना 20 सितम्बर को ही प्रकाशित होगी।
विशेष आयुक्त (यातायात) अजय चड्ढा ने कहा कि गेम्स अधिकारियों एवं खिलाड़ियों के रूटों की पहचान कर ली गई है। यातायात पुलिसकर्मी 20 सितम्बर से इन रूटों पर तैनात रहेंगे।
चड्ढा ने कहा, "एथलीटों का 20 सितम्बर से आगमन शुरू हो जाएगा। राष्ट्रमंडल खेल गांव से विभिन्न खेल स्थलों तथा हवाई अड्डे तक सड़कों पर सबसे बाईं ओर बने लेन को गेम्स लेन के तौर पर जाना जाएगा।"
उन्होंने कहा कि ये प्रतिबंध 20 सितम्बर की रात से लागू हो जाएंगे, क्योंकि ज्यादातर एथलीटों के उसी दौरान आने की संभावना है। यातायात पुलिस की ओर से लोगों को सलाह दी जाती है कि वे सफदरजंग रोड, कमाल अत्तातुक मार्ग, पंचशील मार्ग, सरदार पटेल मार्ग, सीरी फोर्ट रोड, चौधरी हरसुख मार्ग, पुराना किला रोड तथा मदर टेरेसा क्रीसेंट रोड पर सामान्यतया गेम्स लेन पर चलने से बचें।
चड्ढा ने कहा कि खिलाड़ियों के आने के समय का निर्धारण हालांकि राष्ट्रमंडल खेल आयोजन समिति को करना है, लेकिन एथलीट 20 से 23 सितम्बर के बीच राजधानी में पहुंचेंगे।
उन्होंने कहा, "गेम्स लेन पर केवल खेल अधिकारियों एवं एथलीटों को लेकर जाने वाली बसों को ही चलने की इजाजत होगी।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications