राज्यपाल से मिलने पहुंचे राहुल (लीड-1)
ऐसा माना जा रहा है कि अमेठी दौरे के दौरान लचर कानून-व्यवस्था की शिकायतें मिलने के बाद राहुल गांधी इसी मुद्दे पर राज्यपाल बी.एल.जोशी से मुलाकात करने गए।
सूत्रों के मुताबिक राहुल ने राज्यपाल से मिलकर राज्य की जर्जर कानून व्यवस्था पर गहरी चिंता जताई। वहीं कांग्रेस पार्टी राहुल की इस मुलाकात को महज शिष्टाचार भेंट बता रही है।
उत्तर प्रदेश कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता अखिलेश प्रताप सिंह ने आईएएनएस को बताया कि राहुल गांधी राज्यपाल से शिष्टाचार भेंट करने गए थे।
सिंह ने कहा कि राहुल 10 मिनट तक राजभवन में रहे। उसके बाद लखनऊ हवाई अड्डे जाकर नई दिल्ली के लिए रवाना हो गए। राहुल का राज्यपाल से मिलने का पहले से कोई तय कार्यक्रम नहीं था। वह अमेठी दौरा समाप्त करके दिल्ली के लिए उड़ान भरने लखनऊ हवाई अड्डे जा रहे थे, लेकिन एकाएक वह राजभवन पहुंच गए।
मालूम हो कि गुरुवार को सरफराज बानो नाम की एक महिला ने राहुल से मिलकर स्थानीय पुलिस पर आरोप लगाया था कि मुसाफिरखाना थाने की पुलिस निजी स्वार्थ के लिए उसकी बहन की हत्या के मुख्य आरोपी को बचा रही है। इस पर राहुल ने देर रात मुसाफिरखाना थाने पहुंचकर वहां के पुलिस अधिकारियों को निर्धारित समय के अंदर जांच पूरी करने के लिए कहा था।
इससे पहले दौरे के पहले दिन बुधवार को शिवानी और सोनिया नाम की लखनऊ निवासी दो बहनों ने राहुल से मिलकर जान बचाने की गुहार लगाई थी। दोनों बहनों का आरोप था कि संपत्ति के लिए उनके रिश्तेदार उनकी हत्या करवाना चाहते हैं और इस काम में पुलिस भी रिश्तेदारों की मदद कर रही है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications