एसपी को कार से घसीटने के मामले में 1 गिरफ्तार
मामले के तीन अन्य आरोपी सिपाहियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। तीनों सिपाही फिलहाल फरार हैं।
यातायात पुलिस के तीन सिपाहियों ने गुरुवार शाम शहर के कैंट इलाके में एसपी (ट्रैफिक) कल्पना सक्सेना पर हमला करके उन्हें चलती कार से घसीटा था। उस दौरान गिरफ्तार व्यक्ति उन सिपाहियों के साथ घटना में शामिल था। एसपी ने उन्हें ट्रकों से अवैध वसूली करते रंगेहाथ पकड़ लिया था।
बरेली के पुलिस अधीक्षक (शहर) राकेश जॉली ने शुक्रवार को आईएएनएस से गिरफ्तार व्यक्ति के बारे में ज्यादा कुछ बताने से इंकार करते हुए कहा, "मैं फिलहाल इतना बता सकता हूं कि गिरफ्तार व्यक्ति का नाम धर्मेद्र है और वह आरोपी सिपाहियों में से एक का भाई है और पेशे से ऑटो चालक है। घटना में वह भी शामिल था।'
जॉली ने कहा कि तीनों आरोपी सिपाही फिलहाल फरार हैं और उनकी गिरफ्तारी के लिए जगह-जगह छापे डाले जा रहे हैं।
इससे पहले बरेली के पुलिस उप-महानिरीक्षक एन.के. श्रीवास्तव ने शुक्रवार को आईएएनएस को बताया कि तीनों आरोपी सिपाहियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
उधर गंभीर रूप से घायल एसपी कल्पना सक्सेना को घटना के बाद एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। फिलहाल उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। उन्हें आज अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।
अस्पताल से छुट्टी के मिलने के बाद स्थानीय समाचार चैनलों से बातचीत करते हुए एस.पी. कल्पना सक्सेना ने कहा, "तीनों पुलिसकर्मियों ने मुझ्झे कुचलने का प्रयास किया..मैं बच गई..मैंने किसी तरह कार चलाने वाले सिपाही को पकड़ लिया। उन्होंने मुझे करीब डेढ़ किलोमीटर तक कार से घसीटा।"
पुलिस के मुताबिक सक्सेना को देर शाम पता चला कि कुछ सिपाही कैंट इलाके में लखनऊ-बरेली राजमार्ग पर वाहनों से अवैध वसूली कर रहे हैं। एसपी अकेले ही मौके पर पहुंची और तीन सिपाहियों को वसूली करते देख लिया।
एसपी को देखकर तीनों सिपाही कार में बैठकर भागने का प्रयास करने लगे। एसपी ने कार चला रहे सिपाही का कॉलर पकड़ लिया। इतने में दूसरे सिपाहियों ने कार का शीशा चढ़ा दिया, जिससे उनका हाथ शीशे में फंस गया। कार ने जब रफ्तार पकड़ी तो एसपी काफी दूर तक घसीटती चली गईं।
आरोपी सिपाहियों में एक का नाम मनोज कुमार जबकि अन्य के रविंद्र कुमार बताए जा रहे हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications