क्वेटा में विस्फोट, 40 की मौत (लीड-4)
इस्लामाबाद, 3 सितम्बर (आईएएनएस)। पाकिस्तान के क्वेटा शहर में शुक्रवार को शिया समुदाय की ओर से निकाले गए जुलूस के बीच शक्तिशाली बम विस्फोट हुआ, जिसमें कम से कम 40 लोगों की मौत हो गई और 100 से अधिक लोग घायल हो गए। ऐसे ही हमले दो दिन पहले लाहौर में हुए थे, जिसमें 35 लोगों की मौत हो गई थी।
विस्फोट के बाद क्वेटा शहर में माहौल गमगीन हो गया। राहतकर्मियों ने शवों एवं घायलों को अस्पताल पहुंचाया। मृतकों की संख्या अभी और बढ़ने की आशंका है।
मरने वालों में आज टीवी का चालक मुहम्मद सरवर भी है, जबकि कई कैमरामैन घायल हो गए। घटनास्थल को सुरक्षा अधिकारियों ने घेर लिया है।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि जुलूस में शामिल लोगों को मीरजान चौक पहुंचने से पहले तितर-वितर हो जाने के लिए कहा गया था, लेकिन उन्होंने नहीं माना।
उन्होंने बताया कि उग्र शियाओं ने घटना के बाद हवा में गोलियां चलाईं, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया।
दुनिया टीवी की एक वैन को आग लगा दी गई, जिसकी खिड़कियों के शीशे बंद थे।
अधिकारी ने बताया कि क्वेटा के अस्पतालों में आपातकाल घोषित कर दिया गया है। जुम्मे की नमाज के बाद देशभर में शियाओं के जुलूस निकाले जाने की योजना थी, जिस कारण सुरक्षा बलों को पूरी तरह सचेत कर दिया गया था।
दूसरी ओर, पाकिस्तान के पश्चिमोत्तर इलाके में एक मस्जिद में हुए शक्तिशाली विस्फोट में दो लोगों की मौत हो गई और पेशावर शहर में शुक्रवार को पुलिस की एक वन के निकट हुए बम विस्फोट में एक पुलिसकर्मी की मौत हो गई।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक पुलिस अधिकारियों ने बताया कि विस्फोट उस समय हुआ जब खबर-पख्तूनख्वा प्रांत के मरदान इलाके में अल्पसंख्यक अहमदी समुदाय के लोग इबादत कर रहे थे। विस्फोट में छह लोग घायल हो गए।
स्थानीय समाचार पत्र 'डॉन' के मुताबिक पेशावर के बाहरी इलाके में स्थित अचीनी बाला क्षेत्र में रिंग रोड पर हुए बम विस्फोट में पुलिस वैन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। यह बम विस्फोट रिमोट कंट्रोल की मदद से किया गया था। घायल पुलिसकर्मियों को तत्काल समीप के अस्पताल में भर्ती कराया गया।
उल्लेखनीय है कि गत बुधवार को लाहौर में थोड़े समय के अंतराल पर हुए तीन विस्फोटों में कम से कम 35 लोग मारे गए थे और 200 से अधिक लोग जख्मी हो गए थे। पहला विस्फोट लाहौर के लोवर मॉल इलाके में कर्बला गामे शाह के निकट हुआ जबकि दूसरा और तीसरा विस्फोट भट्टी चौक के निकट हुआ।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications