क्वेटा में विस्फोट, 13 की मौत
इस्लामाबाद, 3 सितम्बर (आईएएनएस)। पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत की राजधानी क्वेटा में शुक्रवार को शिया समुदाय के जुलूस के दौरान शक्तिशाली बम विस्फोट में कम से कम 13 लोग मारे गए।
यह विस्फोट क्वेटा के मीजान चौक के निकट हुआ। प्रारंभिक सूचनाओं में 13 लोगों की मौत और 20 से अधिक लोगों के घायल होने की बात कही गई है। मरने वालों की संख्या की हालांकि अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
राहतकर्मी शवों एवं घायलों को अस्पताल पहुंचा रहे हैं। क्वेटा के अस्पतालों में आपात स्थिति घोषित कर दी गई है।
जुलूस में शामिल लोगों के उग्र हो जाने के कारण सुरक्षाकर्मियों ने घेराबंदी कर दी है।
इससे पहले दिन में खबर-पख्तूनख्वाप्रांत के मर्दन शहर के कैनाल रोड स्थित अल्पसंख्यक अहमदी समुदाय के इबादत स्थल पर हुए विस्फोट में दो लोगों की मौत हो गई और छह घायल हो गए। जबकि पेशावर के बाहरी इलाके अचीनी बाग क्षेत्र में एक पुलिस वैन के पास विस्फोट हुआ, जिसमें एक पुलिसकर्मी की मौत हो गई और तीन लोग घायल हो गए।
उल्लेखनीय है कि गत बुधवार को लाहौर में तीन विस्फोटों में कम से कम 35 लोग मारे गए थे और 250 से अधिक घायल हो गए थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications