लखीसराय जंगल में मिला शव लुकस टेटे का (लीड-3)
पटना, 3 सितंबर (आईएएनएस)। बिहार में लखीसराय जिले के चानन थाना क्षेत्र के सिमरताली जंगल से शुक्रवार सुबह मिला शव नक्सलियों द्वारा बंधक बनाये गये चार पुलिसकर्मियों में से एक लुकस टेटे का है।
राज्य के पुलिस महानिदेशक नीलमणि ने बताया कि यह शव बिहार सैन्य बल-10 के हवलदार टेटे का है। उन्होंने बताया कि शव पुलिस ने बरामद कर लिया है।
पुलिस के अनुसार शव के पास नक्सलियों का लिखा एक पर्चा भी मिला है जिसमें कहा गया है कि यह शव बंधक बनाये गये एक हवलदार का है, अगर सरकार ने उनके आठ साथियों को रिहा नहीं किया तो अन्य तीनों बंधकों को भी मार दिया जायेगा। निवेदक में भाकपा माओवादी लिखा हुआ है। पुलिस के अनुसार यह हत्या सीने में गोली मारकर की गई है। टेटे झारखंड के सिमडेगा के कोलेबीरा क्षेत्र के रहने वाले हैं। उनके परिवार में पत्नी और तीन पुत्रियां हैं।
उल्लेखनीय है कि प्रतिबंधित संगठन भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी) के मुंगेर-जमुई-लखीसराय जोन के स्वयंभू प्रवक्ता अविनाष ने गुरूवार शाम स्थानीय चैनलों से बातचीत में दावा किया था कि बंधक बनाए गए चार पुलिसकर्मियों में से एक सहायक पुलिस निरीक्षक एवं मानिकपुरा थाना के प्रभारी अभय कुमार यादव की जन अदालत लगाकर हत्या कर दी गई है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications