नीतीश ने सर्वदलीय बैठक बुलाई (लीड-2)
सुरक्षाबलों ने लखीसराय, जमुई और मुंगेर तक फैली पहाड़ी श्रृंखला की घेराबंदी कर बंधक बनाए गए पुलिसकर्मियों की तलाश का अभियान तेज कर दिया है।
मुख्यमंत्री सचिवालय के एक अधिकारी के मुताबिक सचिवालय कक्ष में शनिवार शाम चार बजे मुख्यमंत्री ने सर्वदलीय बैठक बुलाई है। इसमें नक्सलियों द्वारा बंधक बनाए गए पुलिसकर्मियों के मामले पर अन्य दलों से परामर्श किया जाएगा।
लखीसराय जिला के चानन थाना क्षेत्र के सिमरताली जंगल से शुक्रवार सुबह एक शव बरामद किया गया। लोगों को अंदेशा है कि यह शव किसी पुलिसकर्मी का है लेकिन पुलिस इसकी पुष्टि नहीं कर रही है।
ग्रामीणों के अनुसार शव के पास नक्सलियों का एक पर्चा भी मिला है। इसमें कहा गया है कि यह शव बंधक बनाए गए एक हवलदार का है। अगर सरकार ने उनकी मांग नहीं मानी तो शेष तीन बंधकों का भी यही अंजाम होगा।
प्रत्यक्षदर्शी ग्रामीणों के अनुसार शव पर लुंगी और शर्ट है तथा एक पैर में जूता है। पुलिस ने इसकी पुष्टि करने से इंकार किया है।
उल्लेखनीय है कि प्रतिबंधित संगठन भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी) के मुंगेर-जमुई-लखीसराय जोन के स्वयंभू प्रवक्ता अविनाश ने गुरुवार शाम स्थानीय चैनलों के सामने दावा किया था कि बंधक बनाए गए चार पुलिसकर्मियों में से एक सहायक पुलिस निरीक्षक एवं मानिकपुरा थाने के प्रभारी अभय कुमार यादव की जन अदालत में हत्या कर दी गई है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications