मैच फिक्सिंग विवाद : अदालत में आरोपी तिकड़ी का बचाव करेगा पाकिस्तान
लंदन, 2 सितम्बर (आईएएनएस)। पाकिस्तान ने गुरुवार को स्पष्ट किया कि वह अदालत में तीनों आरोपी खिलाड़ियों का बचाव करेगा। उसका मानना है कि जब तक कि इन खिलाड़ियों के दोष साबित नहीं हो जाते तब तक वे निर्दोष हैं।
मैच फिक्सिंग विवाद के ताजा विवाद में पाकिस्तानी क्रिकेट टीम के कप्तान सलमान बट्ट, तेज गेंदबाज मोहम्मद आमेर और मोहम्मद आसिफ आरोपी हैं।
तीनों खिलाड़ियों से लगभग डेढ़ घंटे की बातचीत के बाद ब्रिटेन में पाकिस्तान के उच्चायुक्त वाजिद शमसुल हसन ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि तीनों खिलाड़ी ब्रिटेन में ही रहेंगे और अपने ऊपर लगे आरोपों के मद्देनजर खुद को निर्दोष साबित करेंगे।
उन्होंने कहा, "जो कुछ भी हुआ है उससे वे परेशान हैं। वे पूरी तरह निर्दोष हैं। मौजूदा हालातों के मद्देनजर उनकी मन:स्थिति ठीक नहीं है, इसलिए उन्होंने पाक्स्तिान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) के अधिकारियों से अपने को मौजूदा दौरे से अलग रखने की गुजारिश की है।"
हसन ने कहा, "मेरा मानना है कि वे निर्दोष हैं। जब तक वे दोषी साबित नहीं हो जाते तब तक वे निर्दोष हैं। वे कहीं भाग नहीं रहे हैं। उनका कहना है कि वे निर्दोष हैं। मामले की जांच चल रही है। हमें इंतजार करना होगा।"
उन्होंने कहा कि पाक उच्चायोग इन खिलाड़ियों की मदद करता रहेगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications