गिलगित-बाल्टिस्तान में सैनिकों की तैनाती नहीं : चीन
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता जियांग यू ने बुधवार रात एक संक्षिप्त बयान जारी कर कहा, "हमें विश्वास है कि कुछ लोगों ने मनगढं़त कहानी रचकर चीन-पाकिस्तान या चीन-भारत संबंधों में दरार डालने का प्रयास किया है जो विफल होगा।"
'द न्यूयॉर्क टाइम्स' में 28 अगस्त को प्रकाशित एक रिपोर्ट में कहा गया था कि चीन ने पाकिस्तान के गिलगित-बाल्टिस्तान क्षेत्र में 10,000 से अधिक सैनिक तैनात किए हैं। चीन के इरादे को लेकर नई दिल्ली की चिंता बढ़ गई है। रिपोर्ट में सेना की मौजूदगी को चीन की उस योजना से जोड़ा गया है, जिसमें चीन का मकसद 'पाकिस्तान होते हुए खाड़ी देशों तक निर्बाध सड़क एवं रेल मार्ग तैयार करने के लिए रणनीतिक क्षेत्र पर पकड़ मजबूत' बनाना है।
भारत ने इस खबर को गंभीरता से लिया है, क्योंकि चीन के साथ समझौते के बावजूद चीन ने एक वरिष्ठ सैन्य अधिकारी को इस आधार पर वीजा देने से इंकार कर दिया था कि जम्मू एवं कश्मीर में सैनिकों की कमान उनके पास है।
भारत के विदेश मंत्रालय ने कहा है कि इस रिपोर्ट की स्वतंत्र रूप से जांच कराने का प्रयास किया जा रहा है। नई दिल्ली में मंत्रालय के प्रवक्ता ने गत सोमवार को कहा, "यदि यह सच है तो गंभीर चिंता का विषय है। देश की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जो भी जरूरी होगा, किया जाएगा।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications