राष्ट्रमंडल खेल : अमेरिका ने जताई हमले की आशंका (लीड-1)
अमेरिकी विदेश विभाग ने बुधवार को बयान जारी कर कहा कि भारत में रह रहे और भारत की यात्रा पर जा रहे अमेरिकी नागरिक दिल्ली में यात्रा के दौरान सतर्कता बरतें। अमेरिका ने कहा कि यहां खेलों के दौरान आतंकवादी हमले और हिंसा की आशंका है।
दिल्ली पुलिस के प्रवक्ता रंजन भगत ने इस संबंध में संपर्क किए जाने पर आईएएनएस से कहा कि इस मुद्दे पर वह कोई बयान नहीं दे सकते।
अमेरिका ने अपने बयान में कहा कि अमेरिकी नागरिक इस दौरान स्थानीय समाचारों पर नजर रखें और सार्वजनिक स्थलों पर सुरक्षा प्रबंधों की जानकारी रखें।
विदेश विभाग ने अमेरिकी पर्यटकों से कहा कि वे हवाई अड्डों, रेलवे स्टेशनों और अन्य पर्यटन स्थलों पर सतर्क रहें। बयान में कहा गया, "अमेरिकी नागरिक सार्वजनिक यातायात का इस्तेमाल करने और रात के समय ड्राइविंग करने के दौरान विशेष सावधानी बरतें।"
इसके अलावा अमेरिका ने अपने नागरिकों को जेबकतरों और रेल और बसों में चोरी करने वाले छोटे अपराधियों से भी सावधान रहने को कहा है।
राष्ट्रमंडल खेलों का आयोजन 3 से 14 अक्टूबर के बीच नई दिल्ली में होगा। अमेरिकी विदेश विभाग ने अपने नागरिकों से सिर्फ भारत में ही नहीं पूरी दुनिया में सतर्कता बरतने की अपील की है।
अमेरिका ने आतंकवादी हमले के खतरे के मद्देनजर भले ही अपने नागरिकों को सतर्क रहने की सलाह दी हो लेकिन उसने इस खतरे का कोई विवरण नहीं दिया। उसने इस बारे में कुछ नहीं बताया कि खेलों के दौरान कौन लोग या संगठन हिंसा की साजिश रच रहे हैं।
अमेरिकी नागरिकों से यह भी कहा गया है कि किसी भी आपात स्थिति में वे नई दिल्ली में दूतावास और मुंबई, चेन्नई, कोलकाता या फिर हैदराबाद में स्थित महावाणिज्य दूतावास से तत्काल संपर्क करें।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications