लाहौर विस्फोट में परिवार के 5 सदस्यों की मौत
शहर में बुधवार को 30 साल के चित्रकार रहमत का परिवार शिया समुदाय के उस धार्मिक आयोजन में शामिल था, जहां आधे घंटे के अंतराल में तीन सिलसिलेवार आत्मघाती विस्फोट हुए थे।
गौरतलब है कि लाहौर शहर में कर्बला जामे शाह के नजदीक हुए आत्मघाती हमले में 35 लोग मारे गए थे और 250 घायल हो गए थे।
विस्फोट में मरने वालों में रहमत के अलावा उसकी पत्नी और पांच साल व छह महीने के दो बेटे शामिल हैं।
जब पहला आत्मघाती विस्फोट हुआ रहमत अपने बड़े बेटे अली हसन के साथ हमलावर से कुछ कदमों की दूरी पर था। दोनों की घटना स्थल पर ही मौत हो गई। छोटे बच्चे को गोद में लेकर पीछे-पीछे चल रही रमहत की पत्नी विस्फोट में गंभीर रूप से जख्मी हो गई थी। इस विस्फोट में रहमत का भतीजा गुलाम सबीर भी मारा गया।
मां और बेटे को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां घंटे भर के भीतर उन्होंने दम तोड़ दिया। सभी का अंतिम संस्कार गुरुवार को तड़के घटना स्थल से कुछ दूरी पर स्थित तकशाली गेट के समीप कर दिया गया।
रहमत का भाई परेवज अंतिम संस्कार के वक्त वहां मौजूद था और सभी की आंखें नम थीं।
परवेज ने कहा, "मेरा भाई धार्मिक व्यक्ति था और अक्सर धार्मिक आयोजनों में परिवार सहित शिरकत किया करता था।" उसने बताया कि उसका बेटा सबीर भी उनके साथ गया था।
परवेज ने बताया, "आज सभी हमें छोड़कर चले गए। मुझे नहीं पता उनके बिना हम कैसे जी पाएंगे।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications