विटामिन ए की खुराक लेने वाली 7 छात्राएं दोबारा अस्पताल पहुंची
सिरसा (हरियाणा), 2 सितम्बर (आईएएनएस)। हरियाणा के सिरसा में एक सरकारी स्कूल में विटामिन ए की खुराक लेने के बाद बीमार पड़ी करीब 100 छात्राओं के मामले ने एक बार फिर तूल पकड़ लिया है। इन छात्राओं में से सात छात्राओं को अस्पताल में दोबारा भर्ती करना पड़ा है।
यहां कालांवाली शहर के शासकीय माध्यमिक स्कूल की छात्राओं को बुधवार को दूसरी बार अस्पताल में दाखिल कराया गया।
ये छात्राएं उन 100 छात्राओं में शामिल थीं जिन्हें राज्य स्वास्थ्य विभाग द्वारा विटामिन ए की खुराक दिए जाने के बाद पेट में दर्द, उल्टी और घबराहट की शिकायत के बाद गत 27 अगस्त को अस्पताल में भर्ती किया गया था। स्वास्थ्य विभाग ने 148 छात्राओं को ये खुराक दी थी। सभी छात्राओं की रविवार को अस्पताल से छुट्टी कर दी गई थी।
अब सात छात्राओं ने दोबार ऐसी ही परेशानियों की शिकायत की है और उन्हें यहां के एक सरकारी अस्पताल में भर्ती किया गया है।
सिरसा के सिविल सर्जन ओ.पी. हुड्डा ने गुरुवार को आईएएनएस को बताया, "ऐसा लगता है कि विटामिन ए की अधिक खुराक लेने से छात्राओं में दोबारा यह शिकायत हुई है। दूसरी संभावना यह भी है कि ये छात्राएं बिना भोजन किए स्कूल आई हों और उन्होंने खाली पेट दवा ली हो।"
उन्होंने कहा, "हम सातों लड़कियों को अच्छा इलाज दे रहे हैं। वे ठीक हो रही हैं और उन्हें जल्दी ही अस्पताल से घर जाने की इजाजत दे दी जाएगी।"
उन्होंने बताया कि दवा की गुणवत्ता जांचने के लिए दिल्ली की एक प्रयोगशाला में उसके नमूने भेजे गए हैं।
उन्होंने कहा कि यदि दवा में कुछ भी गलत पाया गया तो दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी। उन्होंने कहा कि इस बीच प्रशासन को जिले में विटामिन ए की खुराक देने का काम स्थगित करने की सलाह दी गई है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications