विस्फोटों के बाद लहौर में पसरा सन्नाटा
लाहौर, 2 सितम्बर (आईएएनएस)। पाकिस्तान के लाहौर शहर में शिया समुदाय के एक धार्मिक आयोजन में आतंकवादी संगठन लश्कर-ए-इस्लामी द्वारा किए गए तीन बम धमाकों के एक दिन बाद गुरुवार को पूरे शहर में सन्नाटा पसरा रहा। कारोबारियों ने यहां तीन दिन के शोक की घोषणा की है।
इन विस्फोटों में 35 लोग मारे गए और 200 से अधिक जख्मी हो गए। अधिकारियों ने बताया कि गुरुवार को दिन में दो बजे सामूहिक अंतिम संस्कार किया जाएगा।
शहर के सभी हिस्सों और खासकर लोअर मॉल में मातम पसरा है। व्यापारिक संगठनों और शिया कार्य समिति ने तीन दिन के शोक की घोषणा की है।
सामूहिक अंतिम संस्कार के दौरान हिंसा की आशंका के मद्देनजर सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए गए हैं। विस्फोटों के बाद भड़की भीड़ को काबू में करने के लिए सुरक्षा बल तैनात किए गए।
पंजाब प्रांत के मुख्यमंत्री शहबाज शरीफ ने विस्फोट में मरने वालों के निकट संबंधियों को पांच लाख रुपये का मुआवजा देने की घोषणा की है। जबकि प्रत्येक घायल को 75,000 रुपये देने का ऐलान किया गया है।
अधिकारी ने बताया, "सुरक्षा खामियों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है।"
उधर, शिया समुदाय के विभिन्न प्रतिनिधि संगठनों ने सरकार से अपराधियों की जल्दी से गिरफ्तारी सुनिश्चित करने या खामियाजा भुगतने की धमकी दी है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications