मैच फिक्सिंग विवाद : अफरीदी को जोरदार वापसी का भरोसा
टांटन, 2 सितम्बर (आईएएनएस)। पाकिस्तान की एकदिवसीय क्रिकेट टीम के कप्तान शाहिद अफरीदी का कहना है कि मैच फिक्सिंग विवाद की वजह से उनकी टीम इन दिनों मुश्किल दौर में है लेकिन वह इंग्लैंड के खिलाफ आगामी श्रृंखला में जोरदार वापसी करेगी।
फिक्सिंग विवाद में पाकिस्तान के कप्तान सलमान बट्ट, तेज गेंदबाज मोहम्मद आमेर और मोहम्मद आसिफ आरोपी हैं। इसमें विकेटकीपर-बल्लेबाज कामरान अकमल का भी नाम सामने आया था। अफरीदी ने गुरुवार को कहा कि उनकी टीम मुश्किल वक्त से गुजर रही है लेकिन उन्हें उम्मीद है कि आगामी श्रृंखला में टीम का हर खिलाड़ी शानदार प्रदर्शन करेगा।
इंग्लैंड के खिलाफ एकदिवसीय श्रृंखला का पहला मैच रविवार को कार्डिफ में खेला जाना है। अफरीदी ने कहा, "यह हमारे लिए मुश्किल दौर है। इससे हम सभी को धक्का पहुंचा है और उम्मीद है कि यह विवाद जल्द खत्म हो जाएगा।"
इस श्रृंखला में बट्ट, आमेर और आसिफ के न खेलने की संभावना है। अफरीदी भी मानते हैं कि इन लोगों के साथ न रहने से टीम को झटका लगेगा। उन्होंने कहा, "सलमान, आमिर और आसिफ तीनों हमारी टीम के प्रमुख खिलाड़ी हैं।"
अफरीदी ने कहा, "मेरी टीम के खिलाड़ी जुझारू योद्धा हैं। वे बीते कुछ दिनों से भारी दबाव में हैं लेकिन टीम तेजी से एकजुट हो रही है। हमारी पूरी कोशिया आगामी श्रृंखला पर पूरा ध्यान देने की है।"
पिछले दिनों मैच फिक्सिंग का विवाद सामने आने के बाद ब्रिटेन की पुलिस-स्कॉटलैंड यार्ड ने पाकिस्तान मूल के कथित सटोरिए मजहर माजिद को गिरफ्तार भी किया था। स्कॉटलैंड यार्ड ने इस संबंध में बट्ट, आसिफ, आमेर और अकमल से भी पूछताछ की थी। बट्ट, आमेर और आसिफ को अभ्यास सत्र से वापस बुला लिया गया था।
उल्लेखनीय है कि ब्रिटेन के समाचार पत्र 'द न्यूज ऑफ द वर्ल्ड' द्वारा किए गए एक स्टिंग ऑपरेशन में माजिद ने समाचार पत्र से 150,000 पाउंड लिए और पहचान छुपाकर उससे मिलने वाले पत्र के संवाददाता से वादा किया कि पाकिस्तानी तेज गेंदबाज निर्धारित समय पर लार्ड्स टेस्ट में नो-बॉल फेंकेंगे। बाद में ऐसा ही हुआ।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications