मैच फिक्सिंग विवाद : 'बूमबूम' ने आमेर से करार खत्म किया
फिक्सिंग विवाद में आमेर के अलावा पाकिस्तानी टीम के कप्तान सलमान बट्ट और मोहम्मद आसिफ आरोपी हैं। इसमें विकेटकीपर-बल्लेबाज कामरान अकमल का भी नाम सामने आया था। अब बूमबूम ने आमेर से पल्ला झाड़ लिया है।
स्थानीय समाचार पत्र 'डॉन' की एक रिपोर्ट के अनुसार कंपनी का कहना है कि आमेर के साथ संबंध खत्म करना उसकी छवि के लिए जरूरी था। कंपनी के प्रबंध निदेशक अली एहसान ने कहा, "और लोगों की तरह हम भी फिक्सिंग के आरोपों से हैरान हैं। उम्मीद करते हैं कि खिलाड़ियों पर लगे ये आरोप गलत साबित हों।"
बूमबूम का करार पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) के साथ भी है। वह टीम को किट व खेल के अन्य दूसरे सामान मुहैया कराती है। एहसान ने कहा, "हमारे यहां क्रिकेट को पंसद करने वालों की तादाद बहुत ज्यादा है। हम नहीं चाहते हैं कि हमारे ब्रांड का संबंध किसी भी तरह के भ्रष्टाचार या संदेहात्मक कार्य से जुड़े। बूमबूम पीसीबी के साथ भी अपने करार की समीक्षा कर रहा है।"
पिछले दिनों मैच फिक्सिंग के पूरे विवाद के सामने आने के बाद ब्रिटेन की पुलिस-स्कॉटलैंड यार्ड ने पाकिस्तान मूल के कथित सटोरिए मजहर माजिद को गिरफ्तार भी किया था। स्कॉटलैंड यार्ड ने इस संबंध में बट्ट, आसिफ, आमेर और अकमल से भी पूछताछ की थी। बाद में बट्ट, आमेर और आसिफ को अभ्यास सत्र से वापस बुला लिया गया।
उल्लेखनीय है कि ब्रिटेन के समाचार पत्र 'द न्यूज ऑफ द वर्ल्ड' द्वारा किए गए एक स्टिंग ऑपरेशन में माजिद ने समाचार पत्र से 150,000 पाउंड लिए और पहचान छुपाकर उससे मिलने वाले पत्र के संवाददाता से वादा किया कि पाकिस्तानी तेज गेंदबाज निर्धारित समय पर लार्ड्स टेस्ट में नो-बॉल फेंकेंगे। बाद में ऐसा ही हुआ।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications