छतरपुर में ठेकेदार की पीट-पीटकर हत्या
छतरपुर, 2 सितम्बर ,(आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले में गुरुवार को व्यावसायिक रंजिश के चलते भवन निर्माण से जुड़े ठेकेदार भरत गुप्ता की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर गुस्साए लोगों ने राष्ट्रीय राजमार्ग-75 पर जाम लगा दिया।
पुलिस के मुताबिक बमीठा थाना क्षेत्र के टौरिया टेक क्षेत्र में रहने वाले गुप्ता की रेत लेकर आ रहे ट्रक चालक की वसूली को लेकर कुछ लोगों ने गुरुवार सुबह पिटाई कर दी। इसकी जानकारी मिलने पर भरत भी मौके पर पहुंच गए।
ट्रक से वसूली करने वालों ने भरत की भी पिटाई की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए और बाद में उनकी मौत हो गई। भरत की मौत से गुस्साए लोगों ने झांसी-सतना राष्ट्रीय राजमार्ग पर जाम लगा दिया। उनकी मांग है कि एक राजनीतिक दल से जुड़े आरोपियों पर मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया जाए। जिले के वरिष्ठ अधिकारियों ने मौके पर पहुंच प्रदर्शनकारियों को कार्रवाई का आश्वासन दिया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications