राष्ट्रमंडल खेलों में आतंकी हमले का खतरा : अमेरिका
अमेरिकी विदेश विभाग ने बुधवार को बयान जारी कर कहा, "भारत में अमेरिकी दूतावास ने वहां की यात्रा कर रहे या रह रहे अमेरिका नागरिकों को राष्ट्रमंडल खेलों से जुड़े सुरक्षा संबंधी मसलों के मद्देनजर सतर्क रहने को कहा है।"
राष्ट्रमंडल खेलों का आयोजन 3 से 14 अक्टूबर के बीच नई दिल्ली में होगा। अमेरिकी विदेश विभाग ने अपने नागरिकों से सिर्फ भारत में ही नहीं पूरी दुनिया में सतर्कता बरतने की अपील की है।
अमेरिका ने आतंकवादी हमले के खतरे के मद्देनजर भले ही अपने नागरिकों को सतर्क रहने की सलाह दी हो लेकिन उसने इस खतरे का कोई विवरण नहीं दिया। उसने इस बारे में कुछ नहीं बताया कि खेलों के दौरान कौन लोग या संगठन हिंसा की साजिश रच रहे हैं।
अमेरिकी नागरिकों को सलाह दी गई है कि वे सार्वजनिक स्थानों पर जाने या होटल का चयन करने से पहले भारतीय मीडिया की खबरों पर जरूर गौर करें। अमेरिकी सरकार ने कहा कि उसके नागरिक दिल्ली की यात्रा के समय खास सावधानी बरतें।
विदेश विभाग ने अमेरिकी पर्यटकों से कहा है कि वे हवाई अड्डों, रेलवे स्टेशनों और अन्य पर्यटन स्थलों पर सतर्क रहें। बयान में कहा गया है, "अमेरिकी नागरिक सार्वजनिक यातायात का इस्तेमाल करने और रात के समय ड्राइविंग करने के दौरान विशेष सावधानी बरतें।"
अमेरिकी नागरिकों से यह भी कहा गया है कि किसी भी आपात स्थिति में वे नई दिल्ली में दूतावास और मुंबई, चेन्नई, कोलकाता या फिर हैदराबाद में स्थित महावाणिज्य दूतावास से तत्काल संपर्क करें।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications