मैच फिक्सिंग विवाद: वार्न बोले, दोषियों पर लगे आजीवन प्रतिबंध
फिक्सिंग विवाद में पाकिस्तान के कप्तान सलमान बट्ट, तेज गेंदबाज मोहम्मद आमेर और मोहम्मद आसिफ आरोपी हैं। इसमें विकेटकीपर-बल्लेबाज कामरान अकमल का भी नाम सामने आया था। इस मसले पर वार्न ने मेलबर्न में गुरुवार को संवाददाताओं से कहा, "अगर फिक्सिंग की बात सही है और पाकिस्तानी खिलाड़ी इसमें दोषी पाए जाते हैं तो उन्हें तुरंत टीम से बाहर कर दिया जाना चाहिए।"
स्थानीय समाचार पत्र 'सिडनी मॉर्निग हेराल्ड' की एक रिपोर्ट के अनुसार अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले चुके वार्न ने कहा, "अगर फिक्सिंग को इन खिलाड़ियों ने अंजाम दिया है तो इन पर आजीवन पाबंदी लगनी चाहिए। इसमें कोई भी शामिल हो, उसे तत्काल टीम से बाहर किया जाए। इसके अलावा कोई दूसरा रास्ता नहीं है।"
पिछले दिनों मैच फिक्सिंग के पूरे विवाद के सामने आने के बाद ब्रिटेन की पुलिस-स्कॉटलैंड यार्ड ने पाकिस्तान मूल के कथित सटोरिए मजहर माजिद को गिरफ्तार भी किया था। स्कॉटलैंड यार्ड ने इस संबंध में बट्ट, आसिफ, आमेर और अकमल से भी पूछताछ की थी। बट्ट, आमेर और आसिफ को अभ्यास सत्र से वापस बुला लिया गया था।
उल्लेखनीय है कि ब्रिटेन के समाचार पत्र 'द न्यूज ऑफ द वर्ल्ड' द्वारा किए गए एक स्टिंग ऑपरेशन में माजिद ने समाचार पत्र से 150,000 पाउंड लिए और पहचान छुपाकर उससे मिलने वाले पत्र के संवाददाता से वादा किया कि पाकिस्तानी तेज गेंदबाज निर्धारित समय पर लार्ड्स टेस्ट में नो-बॉल फेंकेंगे। बाद में ऐसा ही हुआ।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications