बिहार में बंधक बीडीओ को नक्सलियों ने छोड़ा
पटना। बिहार के शिवहर जिले के तरियानी प्रखंड में नक्सलियों द्वारा अगवा प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) मनोज कुमार सिंह मंगलवार को अपने घर सकुशल लौट आए हैं।
राज्य के पुलिस महानिदेशक नीलमणि ने उनके लौटने की पुष्टि करते हुए बताया कि वह सकुशल अपने घर पहुंच गए हैं। उल्लेखनीय है कि रविवार को बिना सुरक्षाकर्मियों के सिंह अपनी जीप से किसी कार्य के निरीक्षण के सिलसिले में लदौरा गांव जा रहे थे। उसी दौरान संदिग्ध नक्सलियों ने उन्हें अगवा कर लिया। पुलिस ने बीडीओ की सरकारी जीप बरामद कर ली है।
सहरसा जिले के मूल निवासी सिंह पिछले अप्रैल महीने में ही भभुआ से पदोन्नत होकर तरियानी आए थे। सिंह का पूरा परिवार इस समय मुजफ्फरपुर में ही रहता है।












Click it and Unblock the Notifications