पाकिस्तान को 2.5 करोड़ डॉलर की मदद देगा भारत

भारत ने इससे पहले पाकिस्तान को 50 लाख डॉलर की राहत राशि दिए जाने की घोषणा की गई थी। विदेश मंत्री एस.एम. कृष्णा ने मंगलवार को लोक सभा में यह घोषणा की। यह राहत राशि संयुक्त राष्ट्र के माध्यम से दी जाएगी।
पाकिस्तान को बाढ़ राहत के लिए दी जाने वाली मदद पर कृष्णा ने कहा, "सरकार ने पाकिस्तान को दी जाने वाली पूर्व निर्धारित राहत राशि 50 लाख डॉलर से बढ़ाकर 2.5 करोड़ डॉलर करने का निर्णय लिया है। इसमें से दो करोड़ डॉलर की राशि मानवीय मामलों के समन्वय के लिए संयुक्त राष्ट्र द्वारा शुरू किए गए 'पाकिस्तान इनिशियल फ्लड्स इमरजेंसी प्लान' के लिए दी जाएगी।"
भारत ने शुरुआत में पाकिस्तान को बाढ़ राहत के लिए 50 लाख डॉलर की राहत राशि देने की पेशकश की थी। कृष्णा ने पाकिस्तान के उनके समकक्ष शाह महमूद कुरैशी के समक्ष यह पेशकश की थी। पाकिस्तान ने इस मदद को स्वीकार करने में कुछ दिन का समय लिया था। प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने भी अपने पाकिस्तानी समकक्ष यूसुफ रजा गिलानी से फोन पर यह पेशकश की थी।
पिछले सप्ताह पाकिस्तान के विदेश विभाग ने कहा था कि भारत को संयुक्त राष्ट्र के माध्यम से अपनी मदद देनी चाहिए। वैसे पाकिस्तान ने इसकी कोई वजह नहीं बताई थी। पाकिस्तान में 28 जुलाई से शुरू हुई बाढ़ में कम से कम 1,600 लोग मारे गए और दो करोड़ से ज्यादा प्रभावित हुए हैं।












Click it and Unblock the Notifications