करंट लगने से 11 कामगारों की मौत, 2 अधिकारी निलंबित (लीड-2)
यह घटना मंगलवार दोपहर जिला मुख्यालय से 70 किलोमीटर दूर सिंगाही कस्बे में हुई। कामगार एक सरकारी आवास परियोजना के निर्माण में लगे थे।
लखीमपुर खीरी के जिलाधिकारी समीर वर्मा ने आईएएनएस को बताया कि राज्य नगरीय विकास अभिकरण (सूडा) की गरीबों के लिए निर्माणाधीन आवासीय परियोजना के कार्य स्थल पर यह हादसा हुआ।
उन्होंने कहा कि कामगार मिक्सर (ट्रक पर स्थापित सीमेंट-गीट्टियां मिलाने वाले वाहन) से सीमेंट-गिट्टियों का मिश्रण निकाल रहे थे तभी मिक्सर के ऊपर लगा लोहे का पाइप हाइटेंशन तार से छू गया और पूरे वाहन में करंट फैल गया।
सिंगाही थाना प्रभारी विनोद मिश्रा ने संवाददाताओं को बताया कि मरने वालों में तीन महिलाएं और आठ पुरुष कामगार शामिल हैं। ये सिंगाही कस्बे और आस-पास के गांवों के रहने वाले थे।
उन्होंने बताया कि जो दो कामगार झुलस गए हैं, उन्हें निकट के एक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। दोनों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
घटना के बाद जिला प्रशासन ने दो सरकारी अधिकारियों-परियोजना मैनेजर (आर.पी.पांडे) और साइट मैनेजर (जूनियर इंजीनियर के.एन. श्रीवास्तव) को लापरवाही बरतने के आरोप में निलंबित कर दिया गया।
जिलाधिकारी ने कहा कि प्रारंभिक जांच में दोनों अधिकारियों की लापरवाही सामने आने के बाद उन्हें निलंबित किया गया। इस मामले में पुलिस ने जूनियर इंजीनियर के.एन.श्रीवास्तव और निर्माणाधीन स्थल के ठेकेदार रामपाल के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया है। थाना प्रभारी ने कहा कि दोनों फिलहाल फरार हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications