बिहार में लापता पुलिसकर्मियों की तलाश के लिए अभियान (राउंडअप)
उधर बिहार के शिवहर जिले के तरियानी प्रखंड में नक्सलियों द्वारा अगवा प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) मनोज कुमार सिंह मंगलवार को अपने घर सकुशल लौट आए हैं। राज्य के पुलिस महानिदेशक नीलमणि ने उनके लौटने की पुष्टि करते हुए बताया कि वह सकुशल अपने घर पहुंच गए हैं।
पुलिस सूत्रों के अनुसार सीआरपीएफ के डीजीपी विक्रम श्रीवास्तव एवं राज्य के डीजीपी नीलमणि के बीच मंगलवार को करीब तीन घंटे तक बैठक हुई जिसमें नक्सल प्रभावित इलाकों में नक्सलियों के खिलाफ अभियान चलाने की रणनीति तथा उनसे निपटने पर चर्चा की गई।
राज्य के अपर पुलिस महानिदेशक पी़ क़े ठाकुर ने बताया कि लखीसराय के कजरा थाना क्षेत्र के जंगलों में जहां रविवार को पुलिस और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई थी, कांबिंग ऑपरेशन चलाया जा रहा है। उन्होंने चार पुलिसकर्मियों के नक्सलियों के कब्जे में होने तथा उनके द्वारा अल्टीमेटम देने की खबर पर कहा कि यह सूचना पत्रकारों से ही मिली है। उन्होंने कहा कि पुलिस अपना काम कर रही है।
उल्लेखनीय है कि नक्सलियों ने मंगलवार को बंधक बनाए गए चार पुलिसकर्मियों को छोड़ने के एवज में सरकार के सामने शर्त रखी है। नक्सलियों ने सरकार से 36 घंटे के अंदर उनके आठ साथियों को सरकार रिहा करने की मांग की है, नहीं तो चारों को मार देने की धमकी दी है।
भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी) के मुंगेर-जमुई-लखीसराय जोन के स्वयंभू प्रवक्ता अविनाश ने स्थानीय चैनल के एक संवाददाता को फोन पर कहा कि रविवार को लखीसराय जिले के कजरा थाना क्षेत्र में हमारे लोगों ने पुलिस दल पर हमला करने के बाद राज्य के दो पुलिस निरीक्षक (एसआई) और दो बिहार सैन्य बल (बीएमपी) के जवान कब्जे में है।
सरकार को चेतावनी देते हुए उन्होंने कहा कि बुधवार की शाम चार बजे तक उनके आठ साथियों जिनमें जय पासवान, विजय चौरसिया, प्रेम भुइयां तथा प्रमोद बरनवाल शामिल हैं, को छोड़ दें नहीं तो चारों को मार डालेंगे। ये सभी नक्सली राज्य के विभिन्न जेलों में बंद हैं।
ज्ञात हो कि मुंगेर-लखीसराय जिला के सीमा क्षेत्र में रविवार को पुलिस नक्सलियों के खिलाफ छापामारी अभियान चला रही थी कि शीतलकोरानी जंगल में पुलिस को देख नक्सलियों ने गोलीबारी प्रारंभ कर दी। इसके जवाब में पुलिस ने भी मोर्चा संभाल लिया। इस मुठभेड़ में 10 पुलिस जवान शहीद हो गए थे जबकि अब भी कुछ जवान लापता हैं।
उधर बिहार के शिवहर जिले के तरियानी प्रखंड में नक्सलियों द्वारा अगवा प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) मनोज कुमार सिंह मंगलवार को अपने घर सकुशल लौट आए हैं। रविवार को बिना सुरक्षाकर्मियों के सिंह अपनी जीप से किसी कार्य के निरीक्षण के सिलसिले में लदौरा गांव जा रहे थे। उसी दौरान संदिग्ध नक्सलियों ने उन्हें अगवा कर लिया। पुलिस ने बीडीओ की सरकारी जीप बरामद कर ली है।
सहरसा जिले के पचगछिया के मूल निवासी सिंह पिछले अप्रैल माह में ही भभुआ से पदोन्नत होकर तरियानी आए थे। सिंह का पूरा परिवार वर्तमान समय में मुजफ्फरपुर में रहता है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications