करंट लगने से 11 कामगारों की मौत (लीड-1)
यह घटना मंगलवार दोपहर जिला मुख्यालय से 70 किलोमीटर दूर सिंगाही कस्बे में हुई। कामगार एक सरकारी आवास परियोजना के निर्माण में लगे थे।
लखीमपुर खीरी के जिलाधिकारी समीर वर्मा ने आईएएनएस को बताया कि राज्य नगरीय विकास अभिकरण (सूडा) की गरीबों के लिए निर्माणाधीन आवासीय परियोजना के कार्य स्थल पर यह हादसा हुआ।
उन्होंने कहा कि कामगार मिक्सर (ट्रक पर स्थापित सीमेंट-गिट्टियां मिलाने वाले वाहन) से सीमेंट-गिट्टियों का मिश्रण निकाल रहे थे तभी मिक्सर के ऊपर लगा लोहे का पाइप हाइटेंशन तार से छू गया और पूरे वाहन में करंट फैल गया।
सिंगाही थाना प्रभारी विनोद मिश्रा ने संवाददाताओं को बताया कि मरने वालों में तीन महिलाएं और आठ पुरुष कामगार शामिल हैं। ये सिंगाही कस्बे और आस-पास के गांवों के रहने वाले थे।
उन्होंने बताया कि जो दो कामगार झुलस गए हैं, उन्हें निकट के एक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। दोनों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
मिश्रा ने कहा कि निर्माणाधीन स्थल का ठेकेदार घटना के बाद मौके से फरार हो गया। उसकी तलाश की जा रही है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications