पाकिस्तान को भारत की 2.5 करोड़ डॉलर मदद (लीड-1)
विदेश मंत्री एस.एम. कृष्णा ने मंगलवार को लोकसभा में बताया कि यह राहत राशि संयुक्त राष्ट्र के माध्यम से दी जाएगी।
पाकिस्तान को बाढ़ राहत के लिए दी जाने वाली मदद पर कृष्णा ने कहा, "सरकार ने पाकिस्तान को दी जाने वाली पूर्व निर्धारित राहत राशि 50 लाख डॉलर से बढ़ाकर 2.5 करोड़ डॉलर करने का निर्णय लिया है।"
उन्होंने आगे कहा कि प्राकृतिक आपदा से प्रभावित पाकिस्तान में हुई तबाही और लोगों की तत्काल जरूरतों का आकलन करने के बाद यह निर्णय लिया गया है।
इस राशि में से दो करोड़ डॉलर की राशि मानवीय मामलों के समन्वय के लिए संयुक्त राष्ट्र द्वारा शुरू किए गए 'पाकिस्तान इनिशियल फ्लड्स इमरजेंसी प्लान' के लिए दी जाएगी।
कृष्णा ने बताया कि शेष 50 लाख डॉलर की राहत राशि विश्व खाद्य कार्यक्रम को पाकिस्तान में उसके कार्यो के लिए दी जाएगी।
भारत ने शुरुआत में पाकिस्तान को बाढ़ राहत के लिए 50 लाख डॉलर की राहत राशि देने की पेशकश की थी।
कृष्णा ने कहा कि भारत अपने पड़ोसी देश में इतने बड़े पैमाने पर आई मानवीय आपदा के प्रति उदासीन नहीं रह सकता। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान ने भारत की ओर से की गई मदद की सराहना की है।
पाकिस्तान ने इस मदद को स्वीकार करने में कुछ दिन का समय लिया था। पिछले सप्ताह 27 अगस्त को पाकिस्तान के विदेश विभाग ने कहा था कि भारत को संयुक्त राष्ट्र के माध्यम से अपनी मदद देनी चाहिए। वैसे पाकिस्तान ने इसकी कोई वजह नहीं बताई थी।
कृष्णा ने प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का हवाला देते हुए कहा, "प्राकृतिक आपदाओं के ऐसे समय में संपूर्ण दक्षिण एशिया को साथ खड़े होकर प्रभावित लोगों की हर संभव मदद करनी चाहिए। हम इस कठिन समय में पाकिस्तान के लोगों को हर संभव तरीके से मदद देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।"
पाकिस्तान में 28 जुलाई से शुरू हुई बाढ़ में कम से कम 1,600 लोग मारे गए और दो करोड़ से ज्यादा प्रभावित हुए हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications