बच्चे की मौत के बाद घाटी में तनाव
श्रीनगर में सोमवार शाम को प्रदर्शनकारियों ने अनंतनाग कस्बे में स्थित शेरबाग पुलिस चौकी पर पत्थरबाजी शुरू कर दी। लोगों को तितर-बितर करने के लिए सुरक्षाबलों द्वारा रबड़ की गोलियां दागी गईं जिसमें 11 वर्षीय इरशाद अहमद पर्रे की मौत हो गई थी और एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया।
पर्रे की मौत के बाद कश्मीर घाटी में गत 11 जून से ही जारी हिंसा में अभी तक 65 लोगों की मौत हो चुकी है।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया, "श्रीनगर, अनंतनाग, पुलवामा में कर्फ्यू लगाया गया है जबकि बदगाम जिले के कुछ इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐहतियाती कदम उठाया गया है।"
पुलिस द्वारा सोमवार को की गई गोलीबारी में गंभीर रूप से घायल यासिर अहमद शेख को एसएमएचएस अस्पताल में भर्ती कराया गया था। चिकित्सकों के मुताबिक उसकी हालत अभी नाजुक बनी हुई है। इस गोलीबारी में चार अन्य लोग भी घायल हुए थे।
घाटी में कर्फ्यू की वजह से सोमवार को दुकानें, औद्योगिक प्रतिष्ठान, डाकघर, बैंक और व्यवसायिक प्रतिष्ठान बंद रहे और वाहनों की आवाजाही न होने से जनजीवन प्रभावित हुआ।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications