ज्ञानेश्वरी मामला : सीबीआई हिरासत में भेजा गया एक आरोपी
पश्चिम मिदनापुर जिले के झारग्राम में रहने वाले इस नक्सल समर्थक पर 28 मई को हुई ज्ञानेश्वरी एक्सप्रेस त्रासदी में संलिप्तता का आरोप है।
नक्सल समर्थक महंत महतो को हत्या सहित कई मामलों में इस वर्ष जून में गिरफ्तार किया गया था। उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया था। सीबीआई की अपील पर अतिरिक्त मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी (एसीजेएम) ने उसे सीबीआई की हिरासत में भेज दिया।
सीबीआई के वकील ने एसीजेएम अब्दुल रेज्जा की अदालत में दलील दी कि महतो के खिलाफ ज्ञानेश्वरी मामले में संलिप्तता के सबूत मिले हैं, इसलिए उसे सीबीआई को सौंप दिया जाए।
सीबीआई की दलील पर सुनवाई करते हुए न्यायाधीश ने महतो को पुलिस की हिरासत से 11 दिनों के लिए सीबीआई के हवाले कर दिया। महतो रसोई गांव का रहने वाला है।
ज्ञानेश्वरी मामले में महतो सहित कम से कम 16 आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं।
उल्लेखनीय है कि मुंबई जा रही ज्ञानेश्वरी एक्सप्रेस झारग्राम के निकट पटरी से उतर गई थी, जिस कारण सौ से अधिक लोगों की मौत हो गई थी। माना जा रहा है कि नक्सलियों द्वारा पटरी में तोड़फोड़ किए जाने के कारण यह हादसा हुआ।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications