इराक में सैन्य अभियान की समाप्ति पर होगा ओबामा का संबोधन
समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार उम्मीद है कि ओबामा इराक में नागरिक सरकार को नेतृत्व सौंपने को सात वर्ष लंबे अमेरिकी युद्ध प्रयासों में मील के पत्थर की संज्ञा देंगे।
व्हाइट हाउस के प्रवक्ता रॉबर्ट गिब्स ने कहा कि इराक की जनता इराक के इतिहास का नया अध्याय लिखेगी। अमेरिका उनका सहयोगी रहेगा।
अमेरिका के उप राष्ट्रपति जो बिडेन सोमवार को अचानक इराक पहुंचे और वहां के नेताओं से मुलाकात की।
ओबामा मंगलवार को टेक्सास के फोर्ट ब्लिस सैन्य शिविर में सैनिकों से मुलाकात करने के बाद स्थानीय समयानुसार शाम आठ बजे टेलीविजन के माध्यम से जनता को संबोधित करेंगे।
ओबामा ने इराक से लड़ाकू सेनाओं की वापसी के लिए 31 अगस्त की समय सीमा तय की थी लेकिन यह काम 11 दिन पहले ही पूरा कर लिया गया। अमेरिका का अब अफगानिस्तान में लड़ाई पर ध्यान केंद्रित करने का इरादा है।
ओबामा के पद संभालने के बाद से इराक से 94,000 से अधिक सैनिक स्वदेश लौट चुके हैं। इराकी सेनाओं को प्रशिक्षण देने और आतंकवाद विरोधी अभियानों में मदद के लिए करीब 50,000 अमेरिकी सैनिक इराक में बने रहेंगे। उनकी वापसी वर्ष 2011 के अंत तक तय है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications