यूपी में करंट लगने से झुलसे 11 मजदूरों की मौत
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले में राज्य सरकार के एक निर्माणाधीन स्थल पर मंगलवार को करंट लगने से कम से कम 11 कामगारों की मौत हो गई। यह घटना मंगलवार की दोपहर जिला मुख्यालय से 70 किलोमीटर दूर सिंगाही कस्बे में हुई। कामगार एक सरकारी आवास परियोजना के निर्माण में लगे थे।
लखीमपुर खीरी के जिलाधिकारी ने बताया कि राज्य नगरीय विकास अभिकरण (सूडा) की गरीबों के लिए निर्माणाधीन आवासीय परियोजना के कार्य स्थल पर यह हादसा हुआ। उन्होंने कहा कि कामगार मिक्सर (ट्रक पर स्थापित सीमेंट-गिट्टियां मिलाने वाले वाहन) से सीमेंट-गिट्टियों का मिश्रण निकाल रहे थे तभी मिक्सर के ऊपर लगा लोहे का पाइप हाइटेंशन तार से छू गया और पूरे वाहन में करंट फैल गया।
मरने वालों में तीन महिलाएं और आठ पुरुष मजदूर शामिल हैं। ये सभी मजदूर सिंगाही कस्बे और आस-पास के गांवों के रहने वाले थे। जिलाधिकारी के मुताबिक, झुलसे हुए अन्य दो मजदूरों को पास के एक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। दोनों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। निर्माणाधीन स्थल का ठेकेदार घटना के बाद मौके से फरार हो गया। उसकी तलाश की जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications