कानपुर: इंजीनियरिंग कालेज में रैगिंग, छात्र अस्पताल में भर्ती

पूरा मामला सचेंडी थाना क्षेत्र के प्राणवीर सिंह इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी का है, जहां सीनियर छात्रों ने रविवार को परिसर के अंदर स्थित छात्रावास में घुसकर बी.टेक. प्रथम वर्ष के छात्र राजांशु की रैगिंग के नाम पर बुरी तरह पिटाई की।
रैगिंग के शिकार राजांशु को बेहोशी की हालत में के.एम.सी अस्पताल में भर्ती कराया गया। पीड़ित छात्र अलीगढ़ का रहने वाला है और कॉलेज के छात्रावास में रहता है। पुलिस के मुताबिक पीड़ित छात्र का आरोप है कि रविवार को जब वह अपने कमरे में पढ़ रहा था तभी चार सीनियर छात्रों ने वहां आकर उससे परिचय ने नाम पर उल्टे सीधे सवाल करने शुरु कर दिए।
जवाब देने से इंकार करने पर उन्होंने उसकी जमकर पिटाई की। पिटाई से बेहोश छात्र को बाद में छात्रावास के दूसरे छात्रों ने अस्पताल ले जाकर भर्ती कराया। सचंडी थाना प्रभारी पी.के.पांडे ने सोमवार को संवाददाताओं को बताया कि अस्पताल में भर्ती राजांशु की हालत फिलहाल सामान्य बताई जा रही है।
पांडे ने कहा कि राजांशु रैगिंग लेने वाले सीनियर छात्रों का नाम नहीं बता पाया है। चारों आरोपी वरिष्ठ छात्रों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। संस्थान के अधिकारियों के साथ पूरे मामले की गहन जांच की रही है।












Click it and Unblock the Notifications