चीन के शंघाई एक्सपो में नहीं हुआ भारतीय पंडाल में हस्तक्षेप!
एक राष्ट्रीय दैनिक ने खबर दी थी कि चीन के पब्लिक सिक्युरिटी ब्यूरो के अधिकारियों ने भारतीय पंडाल का जुलाई महीने में आकस्मिक दौरा करके कुछ ब्रोश्चर्स को जब्त कर लिया, जिनमें भारतीय नक्शे चित्रित थे। चीन के इस कदम की वजह बताई गयी थी कि इन नक्शों में अरूणाचल प्रदेश भारत के हिस्से के रूप में प्रदर्शित था, जिस पर चीन अपना दावा करता है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता विष्णु प्रकाश ने इस बाबत कहा कि वहां इस तरह की कोई घटना नहीं घटी थी। विष्णु प्रकाश ने कहा, "इस खबर का कोई तथ्यात्मक आधार नहीं है। शंघाई एक्सपो में हमारे पंडाल की कार्यप्रणाली में कोई हस्तक्षेप नहीं किया गया है।"
उल्लेखनीय है कि यह खबर ऐसे समय में सामने आई है, जब भारत और चीन के बीच कई मसलों को लेकर एक साथ कई विवाद सिर उठा रहे हैं। ज्ञात हो कि हाल ही में भारत के उत्तरी कमान के प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल बीएस जसवाल को एक नियमित उच्चस्तरीय रक्षा आदान-प्रदान के लिए चीन जाना था। लेकिन चीन ने उन्हें इसलिए वीजा देने से इंकार कर दिया, क्योंकि जम्मू एवं कश्मीर उनके कमान के अधीन है। उत्तरी कमान पर पाकिस्तान और चीन के साथ लगी सीमा की रखवाली का जिम्मा है।













Click it and Unblock the Notifications