'प्लीज मेरे पापा को छोड़ दो'
मुजफ्फरपुर। 'मेरे पापा निर्दोष हैं। प्लीज उन्हें छोड़ दीजिए।' यह मार्मिक अपील नक्सलियों द्वारा अगवा बिहार के तरियानी प्रखंड के बीडीओ मनोज कुमार सिंह के 22 वर्षीय पुत्र अभिमन्यु ने की है।
अभिमन्यु ने पत्रकारों के माध्यम से नक्सलियों से अपनी अपील में कहा, "मेरे पापा हमेशा गरीबों और परेशान लोगों की मदद के लिए तत्पर रहते हैं। उन्होंने कभी भी किसी का कुछ नहीं बिगाड़ा। मैं आपके सामने हाथ जोड़ता हूं। मेरे पापा निर्दोष हैं। प्लीज उन्हें छोड़ दीजिए।" अभिमन्यु ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह से भी अपील की है कि वे कोई उपाय करें, जिससे उसके पापा घर लौट आएं।
गौरतलब है कि सहरसा जिले के मूल निवासी सिंह का पूरा परिवार मुजफ्फरपुर में रहता है। इस घटना की सूचना मिलने के बाद घर में दहशत और भय का माहौल है। बीडीओ की पत्नी लता सिंह का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि उनके पुत्र अभिमन्यु और अभिजीत पापा के लौट आने की राह ताक रहे हैं। स्नातक की छात्रा उनकी पुत्री अपनी मां को ढाढस बंधाने में लगी है। बीडीओ के परिजनों ने बताया कि रविवार की सुबह उन्होंने घर पर फोन किया और बातचीत की थी।
उल्लेखनीय है कि शिवहर जिले के तरियानी प्रखंड के बीडीओ सिंह का रविवार को संदिग्ध नक्सलियों ने अगवा कर लिया है और उनका अब तक सुराग नहीं मिल पाया है।












Click it and Unblock the Notifications