इंडोनेशियाई कोयला खदानों में हिस्सेदारी खरीदेगा एनटीपीसी
नई दिल्ली, 30 अगस्त (आईएएनएस)। देश की सबसे बड़ी विद्युत उत्पादक कंपनी, राष्ट्रीय तापीय विद्युत निगम (एनटीपीसी) लिमिटेड ने सोमवार को कहा कि वह इंडोनेशिया की दो कोयला खदानों में मौजूदा वित्त वर्ष के दौरान हिस्सेदारी खरीदने पर विचार कर रहा है, ताकि उसके संयंत्रों को कोयले की आपूर्ति सुनिश्चित हो सके।
एनटीपीसी के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक आर.एस.शर्मा ने कहा, "हम ईस्ट कालीमंथन और सुमात्रा में स्थित इंडोनेशिया की दो कोयला खदानों में हिस्सेदारी खरीदने पर विचार कर रहे हैं।" शर्मा ने कहा कि कोयले की आवश्यकता मौजूदा 15.50 करोड़ टन से बढ़ कर 16.50 टन होने की संभावना है।
शर्मा ने कहा कि 16.50 करोड़ टन में से एनटीपीसी अगले वित्त वर्ष के दौरान 120-150 लाख टन कोयले का आयात करेगा।
एनटीपीसी की मौजूदा उत्पादन क्षमता 32,000 मेगावाट से थोड़ा अधिक है। इनमें से 60 प्रतिशत उत्पादन कोयला आधारित है। कंपनी मार्च 2012 तक 50,000 मेगावाट विद्युत उत्पादन की योजना बना रही है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications