भाजपा नेता के भाई की हत्या के बाद तोड़फोड़ (लीड-1)
रतलाम, 30 अगस्त (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के रतलाम जिले में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता जितेंद्र हिंगड़ के चचेरे भाई सुनील की सोमवार की सुबह गोली मारकर हत्या कर दी गई। हत्या के बाद बडावदा कस्बे में लोगों ने जमकर उत्पात मचाया और कई गुमटियों में आग लगाने के साथ तोड़फोड़ की। हत्या की वजह रंजिश बताई जा रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार भाजपा के जिला उपाध्यक्ष जितेंद्र हिंगड़ का चचेरा भाई सुनील बड़ावदा कस्बे में सोमवार की सुबह मंदिर जा रहा था, तभी उस पर हमला कर दिया गया। हमलावरों की ओर से चली गोली से सुनील की मौके पर ही मौत हो गई।
भाजपा नेता के भाई की हत्या के बाद कस्बे के लोगों का गुस्सा भड़क उठा और उन्होंने कई गुमटियों में तोड़फोड़ की और आग लगा दी। बाजार बंद रहे। हालात तनाव पूर्ण होने पर भारी पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है।
रतलाम के पुलिस अधीक्षक मयंक जैन ने आईएएनएस को बताया कि पुलिस बल तैनात है और हालात नियंत्रण में है। फिलहाल किसी भी आरेापी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। पुलिस आरोपियों की तलाश में लगी है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications