श्रीनगर में पुलिस गोलाबारी, 5 जख्मी (लीड-1)
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह घटना मैसूमा इलाके में सोमवार दोपहर को हुई। पुलिस की गोलीबारी में पांच लोग घायल हो गए जिनमें से एक की हालत गंभीर बनी हुई है। घायलों को एसएमएचएस अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
यह घटना जम्मू एवं कश्मीर लिबरेशन फ्रंट (जेकेएलएफ) के अध्यक्ष यासीन मलिक के आवास के निकट हुई।
अस्पताल के सूत्रों के मुताबिक यासिर हामिद शेख नाम के एक युवक को पेट के निचले हिस्से में गोली लगी है और उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। यासिर जेकेएलएफ प्रमुख का रिश्ते का भाई है।
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि कुछ युवक गली में कैरम खेल रहे थे तभी पुलिसकर्मियों ने अकारण गोलीबारी शुरू कर दी।
इस घटना के बाद मैसूमा और उसके आसपास के क्षेत्रों में तनाव फैल गया। गुस्साए युवक सड़कों पर उतर आए और भारत-विरोधी नारे लगाने लगे। युवकों ने लाल चौक इलाके में तैनात सुरक्षाबलों पर पथराव किया और टायर भी जलाए।
अलगाववादियों के बंद के आह्वान तथा पांच थाना क्षेत्रों में कर्फ्यू लगाए जाने के कारण कश्मीर घाटी में जनजीवन प्रभावित रहा।
कश्मीर घाटी में गत 11 जून से ही जारी हिंसा में अभी तक 64 लोगों की मौत हो चुकी है।
एक पुलिस अधिकारी ने यहां बताया, "श्रीनगर के पांच थाना क्षेत्रों में कर्फ्यू जारी है जबकि बड़गाम और अनंतनाग शहरों में प्रतिबंध लगाया गया है।"
अधिकारियों का कहना है कि कर्फ्यू और अलगाववादियों द्वारा प्रायोजित बंद के बावजूद पिछले कुछ दिनों में कश्मीर घाटी में हिंसा में कमी आई है।
एक खुफिया अधिकारी ने यहां कहा, "पिछले कुछ दिनों में घाटी में हिंसा में कमी हुई है। विरोध प्रदर्शनों और उनकी तीव्रता में भी कमी आई है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications