नई दिल्ली-हावड़ा राजधानी एक्सप्रेस का इंजन पटरी से उतरा (लीड-1)
कोलकाता, 30 अगस्त (आईएएनएस)। नई दिल्ली-हावड़ा राजधानी एक्सप्रेस में सवार यात्री सोमवार को उस समय बाल-बाल बच गए जब रेलगाड़ी के इंजन के दो अगले पहिए पश्चिम बंगाल के हुगली जिले में पटरी से उतर गए। पूर्वी रेलवे के प्रवक्ता ने पटरी पर तोड़फोड़ की आशंका से इंकार नहीं किया है।
इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहंी है।
पूर्वी रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (सीपीआरओ) समीर गोस्वामी ने बताया, "हावड़ा स्टेशन से तकरीबन 27 किलोमीटर दूर बरुईपारा स्टेशन के निकट सुबह करीब 9.25 बजे राजधानी एक्सप्रेस के इंजन के दो अगले पहिए पटरी से उतर गए। रेलगाड़ी का कोई भी डिब्बा पटरी से नहीं उतरा।"
शुरूआती जानकारी के मुताबिक गोस्वामी ने बताया, "'300 पैंड्रोल क्लिप पटरी से हटे हुए पाए गए हैं। हमें संदेह है कि इन्हें रेलगाड़ी के गुजरने से पहले ही हटाया गया था। जांच के बाद ही इसकी पुष्टि की जा सकेगी।'
गोस्वामी ने बताया कि तोड़-फोड़ की आशंका से फिलहाल इंकार नहीं किया जा सकता।
घटनास्थल पर फंसे हुए यात्रियों को हावड़ा पहुंचाने के लिए पूर्वी रेलवे की तरफ से मौके पर रेलगाड़ी रवाना कर दी गई है।
उल्लेखनीय है कि मई से अब तक पश्चिम बंगाल में दो बड़ी रेल दुर्घटनाएं हो चुकी हैं।
गत 19 जुलाई को सियालदह जा रही उत्तर बंगा एक्सप्रेस ने बीरभूमि जिले के सिंथिया स्टेशन पर खड़ी वनांचल एक्सप्रेस को पीछे से टक्कर मार दी थी जिसमें 63 यात्रियों की मौत हो गई थी।
सिंथिया हादसे से 52 दिन पहले 28 मई को पश्चिम मिदनापुर जिले के झाड़ग्राम के निकट ज्ञानेश्वरी एक्सप्रेस दुर्घटना में 148 लोग मारे गए थे।
इंडो-एशियन न्यूज सिर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications