'मैड मैन', 'मॉडर्न फेमिली' को एमी पुरस्कार (लीड-1)
लास एंजेलिस, 30 अगस्त (आईएएनएस)। टेलीविजन श्रृंखला मॉडर्न 'फेमिली' को रविवार रात आयोजित '2010 एमी अवार्ड्स' में सर्वश्रेष्ठ टेलीविजन हास्य कार्यक्रम का एमी पुरस्कार मिला।
समाचार एजेंसी डीपीए के मुताबिक एक विज्ञापन एजेंसी की दृष्टि से 60 के दशक के सामाजिक परिवर्तन दिखाने वाले कार्यक्रम 'मैड मैन' को लगातार तीसरे साल सर्वश्रेष्ठ टीवी ड्रामा का एमी पुरस्कार मिला है।
प्रतिष्ठित अमेरिकी टेलीविजन पुरस्कारों में पहली बार 'मॉडर्न फेमिली' को कोई सर्वश्रेष्ठ पुरस्कार मिला है। इस श्रृंखला को दो अन्य पुरस्कार भी मिले। इनमें एरिक स्टोनस्ट्रीट को सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेता का पुरस्कार मिला है जबकि इस श्रृंखला को सर्वश्रेष्ठ पटकथा के लिए भी चुना गया।
जॉन स्टीवर्ट के 'द डेली शो' को लगातार आठवें वर्ष सर्वश्रेष्ठ विविधतापूर्ण श्रृंखला चुना गया। 'टॉप शेफ' ने लगातार सात साल तक विजेता रहे 'द अमेजिंग रेस' को पीछे धकेल कर सर्वश्रेष्ठ रिएलिटी कार्यक्रम का पुरस्कार जीता है।
जिम पार्सन्स को 'द बिग बैंग थ्योरी' में उनकी भूमिका के लिए हास्य श्रृंखला का सर्वश्रेष्ठ प्रमुख कलाकार चुना गया। एडी फाल्को को 'नर्स जैकी' में अभिनय के लिए सर्वश्रेष्ठ प्रमुख अभिनेत्री चुना गया। ब्रायन क्रांस्टन को 'ब्रेकिंग बैड' के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेता चुना गया।
टेलीविजन संगीतप्रधान कार्यक्रम 'ग्ली' की जेनी लिंच को सर्वश्रेष्ठ सहायक हास्य अभिनेत्री और रेयान मर्फी को सर्वश्रेष्ठ हास्य निर्देशक का पुरस्कार मिला।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications