टोयोटा का बेंगलुरू उत्पादन संयंत्र दिसंबर तक शुरू होगा
नई दिल्ली, 29 अगस्त (आईएएनएस)। दुनिया की सबसे बड़ी कार निर्माता कंपनी टोयोटा भारत में अपने उत्पादन को दोगुना करने के लिए 68 करोड़ डॉलर के निवेश से बेंगलुरू में नया उत्पादन संयंत्र लगा रही है। देश में कंपनी के इस दूसरे संयंत्र से दिसंबर महीने में उत्पादन शुरू हो जाएगा।
टोयोटा मोटर के एशिया-प्रशांत क्षेत्र के अध्यक्ष मित्सुहिरो सोनोदा ने कहा, "नए संयंत्र की उत्पादन क्षमता 70,000 वाहन प्रतिवर्ष होगी। इससे देश में कंपनी का उत्पादन बढ़कर दोगुना हो जाएगा।"
उन्होंने कहा कि टोयोटा भारत में हाइब्रिड और छोटी कारों के नए मॉडल उतारने की योजना बना रही है। कंपनी इस साल के अंत तक भारत में अपनी कार एटियोस उतारेगी।
आईएएनएस को दिए साक्षात्कार में टोयोटा किर्लोस्कर मोटर के कार्यकारी समन्वयक तोशियाकी ओजावा ने कहा कि कंपनी भारतीय बाजार की मांग के अनुरूप कारों के कई मॉडलों का विकास कर रही है।
ओजावा ने कहा कि बाजार में आने जा रही कंपनी की अगली कार 10 लाख रुपये कीमत की होगी। उन्होंने कहा, "हम भारतीय जरूरतों के अनुरूप कारें विकसित करने पर जोर दे रहे हैं क्योंकि भारतीय बाजार एकदम अलग है। यहां कार की कीमत काफी मायने रखती है।"
टोयोटा फिलहाल देश में इनोवा, कोरोला एल्टिस और फार्च्यूनर बेच रही है, इन सभी कारों का उत्पादन कंपनी के बेंगलुरू स्थित संयंत्र में हो रहा है।
इसके अलावा कंपनी भारतीय बाजार में 'प्राडो' और सेडान कार 'केमरी' भी उपलब्ध करा रही है। यह कारें कंपनी के जापान स्थित संयंत्र में बनती हैं।
ओजावा ने कहा, "कंपनी ने पिछले साल भारत में 55,000 कारें बेचीं।" उन्होंने कहा कि कंपनी को इस साल बिक्री के आंकड़ों में जोरदार वृद्धि होने की उम्मीद है।
वर्ष 2011 में कंपनी की कुल उत्पादन क्षमता बढ़कर 1,40,000 कारें प्रतिवर्ष हो जाएगी।
देश में इस साल कारों की बिक्री 30 प्रतिशत बढ़ने का अनुमान है। अप्रैल-जून तिमाही में कारों की बिक्री 35 प्रतिशत बढ़कर 5,92,405 कारें हो गई है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications