राष्ट्रमंडल खेल : प्रधानमंत्री ने किया नेहरू स्टेडियम का दौरा (लीड-1)
प्रधानमंत्री दोपहर के वक्त स्टेडियम पहुंचे। उनके साथ आयोजन समिति के अधिकारी थे। इस स्टेडियम में उद्घाटन और समापन समारोह का आयोजन होना है। इस स्टेडियम के पुनर्निर्माण में 9.6 अरब रुपये खर्च हुए हैं।
प्रधानमंत्री ने दो सप्ताह पहले अपने आवास पर आयोजन से जुड़े तमाम मंत्रियों और अधिकारियों की बैठक बुलाई थी। तैयारियों पर चर्चा के अलावा प्रधानमंत्री ने स्टेडियमों का दौरा करने के संकेत दिए थे।
आयोजन समिति पर अनियमितता और भ्रष्टाचार से जुड़े आरोपों के बाद बुलाई गई उस बैठक में प्रधानमंत्री ने साफ शब्दों में कहा था कि तैयारियों को लेकर किसी प्रकार की कोताही नहीं बरती जानी चाहिए क्योंकि इस समय 'पूरी दुनिया की नजरें' भारत पर टिकी हैं।
केंद्रीय खेल मंत्री मनोहर सिंह गिल ने भी बीते दिनों राज्यसभा में कहा था कि प्रधानमंत्री इस महीने के अंत में तैयारियों का जायजा लेने के लिए स्टेडियमों का दौरा कर सकते हैं।
प्रधानमंत्री की बैठक के बाद आयोजन से जुड़े कार्यो की देखरेख की जिम्मेदारी 10 वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों को सौंप दी गई थी। इन अधिकारियों को एक-एक आयोजन स्थल की जिम्मेदारी दी गई थी। इन अधिकारियों का नेतृत्व कैबिनेट सचिव कर रहे हैं। कैबिनेट सचिव तैयारियों के बारे में प्रधानमंत्री को जानकारी मुहैया कराते हैं।
जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में सुधार और पुनर्निर्माण कार्य दो वर्ष आठ महीने पहले शुरू किया गया था लेकिन केंद्रीय लोक निर्माण विभाग ने इन कार्यो को पूरा करने की अंतिम तारीख में कई बार तब्दीली की। बीते 28 जुलाई को इस स्टेडियम को राष्ट्र को समर्पित किया गया था लेकिन इसके बावजूद यहां कई स्तर पर कार्य अधूरे रह गए थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।