छत्तीसगढ़ में नक्सलियों से मुठभेड़ में 5 जवान शहीद (लीड-1)
पुलिस महानिरीक्षक (बस्तर रेंज) टी. जे. लोंगकुमेर ने बस्तर क्षेत्र के मुख्यालय जगदलपुर से आईएएनएस को फोन पर बताया, "नक्सलियों ने घने जंगल में गश्त लगा रहे सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ), जिला पुलिस बल (डीएफ)के जवानों और विशेष पुलिस अधिकारियों (एसपीओ) के एक दल पर घात लगाकर हमला किया।"
उन्होंने बताया, "इस मुठभेड़ में बीएसएफ के तीन जवान, डीएफ का एक जवान तथा एक एसपीओ शहीद हो गये।"
उन्होंने बताया कि रायपुर से 250 किलोमीटर दूर कांकेर जिले के भुस्की गांव में जब नक्सलियों ने सुरक्षाबलों पर घात लगाकर हमला किये जाने पर यह मुठभेड़ हुई।
लोंगकुमेर ने कहा, "यह बड़ा हमला था लेकिन हमारे जवान बहादुरी से लड़े। नक्सली बड़ी तादाद में थे और अंदाजा है कि वे 100 से ज्यादा थे। घटना के बारे में ज्यादा जानकारी सुरक्षा बलों के वापस लौटने पर ही मिल पाएगी।"
पिछले कुछ बरसों से छत्तीसगढ़ नक्सली हिंसा का केन्द्र रहा है। दन्तेवाड़ा, बीजापुर, नारायणपुर, बस्तर और कांकेर जिलों का करीब 40,000 वर्ग किलोमीटर में फैला बस्तर इलाका नक्सलियों का गढ़ माना जाता है।
पुलिस मुख्यालय के अधिकारियों के मुताबिक पिछले तीन साल में नक्सलियों ने प्रदेश में 1,948 हमले किए हैं। इनमें 418 नागरिक और 75 विशेष पुलिस अधिकारियों सहित 435 पुलिसकर्मी मारे गए हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications