छात्र 'मां, माटी, मानुष' ब्रिगेड बनाएं : ममता
कोलकाता, 28 अगस्त (आईएएनएस)। रेल मंत्री एवं तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) प्रमुख ममता बनर्जी ने शनिवार को पार्टी के युवा कार्यकर्ताओं एवं समर्थक छात्रों से आग्रह किया कि वे मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के 'संत्रास' का मुकाबला करने के लिए 'मां, माटी, मानुष' (मां, भूमि, मानव) ब्रिगेड का गठन करें।
तृणमूल कांग्रेस छात्र परिषद के स्थापना दिवस पर आयोजित रैली को संबोधित करते हुए बनर्जी ने कहा, "मैं छात्रों एवं पार्टी के युवा समर्थकों का आह्वान करती हूं कि वे गांवों और शहरों में माकपा के संत्रास का मुकाबला करने के लिए 'मां, माटी, मानुष' ब्रिगेड का गठन करें। यह ब्रिगेड गरीबों तथा समाज के पिछड़े लोगों की मदद करेगा। इस ब्रिगेड का मुख्य कार्य होगा गांवों की सुरक्षा करना तथा माकपा के हमले से उन्हें बचाना।"
उन्होंने कहा, "मैं छात्राओं एवं बालिकाओं का आह्वान करती हूं कि वे हमारी पार्टी में शामिल हों और देश एवं राज्य की सेवा करें।"
बनर्जी ने यह मांग भी की कि माकपा जंगलमहल क्षेत्र- पश्चिमी मिदनापुर, बांकुड़ा और पुरुलिया जिलों में अपने सशस्त्र शिविरों को बंद करे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications