नक्सलियों के साथ मुठभेड़ के बाद 10 पुलिसकर्मी लापता (लीड-1)
राज्य के पुलिस महानिदेशक नीलमणि ने बताया कि इस मुठभेड़ के बाद 10 पुलिसकर्मी अब तक अपने बेस कैम्प वापस नहीं आए हैं। इनमें तीन उप निरीक्षक (एसआई), दो हवलदार तथा पांच पुलिस के जवान शामिल हैं। उन्होंने बताया कि अब तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
नीलमणि ने दावा किया कि इस मुठभेड़ में एक दर्जन से ज्यादा नक्सली गंभीर रूप से घायल हुए हैं। उन्होंने बताया कि पूरे इलाके को सील कर दिया गया है तथा नक्सलियों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है।
उल्लेखनीय है कि मुंगेर-लखीसराय जिला के सीमा क्षेत्र में पुलिस नक्सलियों के खिलाफ छापेमारी अभियान चला रही थी कि शीतलकोरानी जंगल में पुलिस को देख नक्सलियों ने गोलीबारी प्रारंभ कर दी। इसके जवाब में पुलिस ने भी मोर्चा संभाल लिया। अपराह्न करीब तीन बजे से प्रारंभ हुई यह मुठभेड़ सात घंटे तक चलती रही।
नीलमणि के मुताबिक मुठभेड़ स्थल पर अतिरिक्त केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) तथा बिहार सैन्य बल (बीएमपी) के जवानों को भेजा गया है। उन्होंने बताया कि घटनास्थल के लिए राज्य के अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजी), पुलिस महानिरीक्षक (ऑपरेशन) भी रवाना हो गए हैं।
पुलिस के एक अन्य अधिकारी के मुताबिक इस मुठभेड़ में दो जवान घायल हो गए हैं जिनको इलाज के लिए मुंगेर भेजा गया है। अपुष्ट खबरों के मुताबिक इस मुठभेड़ में सुरक्षा बल के पांच जवान शहीद हो गए हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications