यूपी में स्वास्थ्य अधिकारी का शव बरामद
प्रतापगढ़। उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में एक प्रभारी चिकित्साधिकारी का शनिवार शाम को पंखे से लटकता शव बरामद किया गया। पुलिस प्रारंभिक जांच में इसे आत्महत्या का मामला मान रही है।
जिले के लालगंज क्षेत्र के लक्ष्मणपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र के प्रभारी चिकित्साधिकारी लाल राम प्रजापति (51) का शव शनिवार देर शाम उनके सरकारी आवास से बरामद किया गया था। लालगंज के थाना प्रभारी अशोक कुमार तिवारी ने रविवार को संवाददाताओं को बताया कि प्रारंभिक जांच में यह खुदकुशी का मामला लग रहा है। अभी यह साफ नहीं हो पाया है कि प्रजापति ने ऐसा कदम क्यों उठाया। पूरे मामले की जांच की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक प्रजापति की पत्नी व दो बच्चे लखनऊ में रहते हैं। शनिवार सुबह अस्पताल में मरीजों को देखने के बाद वह अपने आवास चले गए और पत्नी विनीता को फोन कर बताया कि उनकी तबियत ठीक नहीं है।
पुलिस के अनुसार लाल राम की पत्नी ने यहां पहुंचकर बड़ी देर तक दरवाजा खटखटाया लेकिन अंदर से कोई जवाब न मिलने पर पुलिस को इसकी जानकारी दी। पुलिसकर्मियों ने जब दरवाजा तोड़ा तो प्रजापति का शव कमरे में पंखे से लटकता पाया गया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications