पाक क्रिकेट पर फिर से मैच फिक्सिंग का साया
लंदन, 29 अगस्त (आईएएनएस)। ब्रिटेन के एक अखबार ने इंग्लैंड और पाकिस्तान के बीच खेले जा रहे लार्ड्स टेस्ट में मैच फिक्सिंग का सनसनीखेज खुलासा किया है। अखबार का दावा है कि इस मैच में करोड़ो रुपये के एवज में नो बॉल फिक्स की गई थी।
ब्रिटिश अखबार 'न्यूज ऑफ द वर्ल्ड' में छपी एक रिपोर्ट के मुताबिक पाकिस्तान के तेज गेंदबाज मोहम्मद आमिर और मोहम्मद आसिफ ने मैच के दौरान लगातार तीन-तीन नो गेंदें फेंकी। लंदन के मैच फिक्सर मजहर माजीद ने 150,000 पाउंड में इन नो गेंदों को फिक्स किया था। माजीद ने इस अखबार के संवाददाता को पहले ही बता दिया था ये गेंदें 'नो' होंगी।
इसके बाद स्कॉटलैंड यार्ड ने मामले की तहकीकात आरंभ की। स्कॉटलैंड यार्ड के एक प्रवक्ता के मुताबिक, "न्यूज ऑफ द वर्ल्ड से मिली जानकारी के बाद हमने आज 35 वर्षीय एक संदिग्ध मैच फिक्सर को गिरफ्तार किया है।"
अखबार के मुताबिक स्कॉटलैंड यार्ड के अधिकारियों ने शनिवार की रात लंदन के उस होटल का दौरा किया जहां पाकिस्तानी क्रिकेटर ठहरे हुए हैं। पुलिस अधिकारी संभवत: रविवार को पाकिस्तानी खिलाड़ियों से पूछताछ करेंगे।
माजिद के मुताबिक इस मैच फिक्सिंग के रिंगलीडर कोई और नहीं बल्कि पाकिस्तान क्रिकेट टीम के कप्तान सलमान बट्ट हैं। उसने विकेट कीपर कामरान अकमल का नाम लेते हुए दावा किया कि उसकी जेब में सात भ्रष्ट खिलाड़ी हैं जो मैच फिक्स कर अपनी जेबें भर रहे हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications