असम में 2 रेल चालकों का अपहरण
गुवाहाटी, 29 अगस्त (आईएएनएस)। असम में जनजातीय विद्रोहियों ने रविवार को एक चलती मालगाड़ी के दो चालकों का अपहरण कर लिया।
पुलिस के एक प्रवक्ता ने बताया कि प्रतिबंधित संगठन नेशनल डेमोकट्रिक फ्रंट ऑफ बोडोलैंड (एनडीएफबी) से जुड़े सशस्त्र विद्रोहियों ने असम-अरुणाचल प्रदेश सीमा पर गमानी के निकट बंदूक के बल पर मालगाड़ी को रुकवा लिया और चालक तथा उसके सहायक का अपहरण कर लिया।
उन्होंने बताया कि पहाड़ी इलाका होने की वजह से गाड़ी लगभग 15 किलोमीटर प्रति घंटे की धीमी रफ्तार से चल रही थी। इस वजह से विद्रोही चलती मालगाड़ी को रुकवाने में कामयाब हो गए और उन्होंने चालकों को अगवा कर लिया।
प्रवक्ता ने बताया कि मालगाड़ी में चावल एवं अन्य आवश्यक वस्तुएं लदी हुई थीं जो रंगापाड़ा स्थित भारतीय खाद्य निगम के डिपो से लाई गई थीं। यह मालगाड़ी अरुणाचल प्रदेश के भालुकपुंग जा रही थी। यह घटना रविवार दोपहर में हुई।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया, "छोटे-बड़े हथियारों से लैस एनडीएफबी के लगभग चार विद्रोही मालगाड़ी में चढ़ गए और बंदूक तानकर चालक से गाड़ी रोकने को कहा।"
अधिकारी ने कहा, "एनडीएफबी के विद्रोही दो अपहृत चालकों की रिहाई के एवज में मोटी रकम मांगेंगे।"
उन्होंने कहा कि घने जंगली इलाके में अपहर्ताओं की तलाश शुरू कर दी गई है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications